
हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कथित नशा तस्कर इरफान उर्फ पान की करीब 1 करोड़ रुपये कीमत की जमीन और मकान को फ्रीज कर कुर्क करने की कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में कुल 41 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें 2 मामले NDPS एक्ट से जुड़े हैं।
पुलिस ने संपत्ति को किया चिन्हित
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के नेतृत्व में जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार इरफान उर्फ पान पुत्र काले खान, लखुवाली का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ 41 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी से जुड़ी संपत्तियों को चिन्हित करने के बाद नियमानुसार उन्हें फ्रीज करने और कुर्क करने की कार्रवाई की। कार्रवाई की जद में करीब एक करोड़ रुपये कीमत का मकान और जमीन आई है।
41 मामलों में 2 NDPS एक्ट के
पुलिस के मुताबिक इरफान के खिलाफ दर्ज 41 मामलों में से दो मामले NDPS एक्ट के तहत दर्ज हैं। पुलिस अब नशे के कारोबार से जुड़े आरोपियों की संपत्तियों और उनकी अवैध कमाई के बीच संबंध की जांच पर भी जोर दे रही है।
पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से अर्जित रकम को जमीन, मकान या अन्य संपत्तियों में लगाए जाने की स्थिति में संबंधित संपत्तियों को चिह्नित कर कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
आर्थिक नेटवर्क पर पुलिस की नजर
नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में अब पुलिस केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि उनके आर्थिक नेटवर्क पर भी चोट करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी के तहत नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान की जा रही है।
हनुमानगढ़ पुलिस के मुताबिक जिले में नशा तस्करी से जुड़े आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच के दौरान अगर किसी संपत्ति का संबंध अवैध कमाई से सामने आता है तो नियमानुसार उसे फ्रीज या कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई का मकसद नशे के कारोबार से जुड़े आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करना और अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर कानूनी शिकंजा कसना है।

