हनुमानगढ़। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में आयोजित MBDD रक्तदान कर्तव्यम अभियान के तहत तेरापंथ युवक परिषद हनुमानगढ़ टाउन की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। अभियान के बैनर का अनावरण जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव (IAS) ने किया। जिला कलेक्टर ने रक्तदान अभियान की सराहना करते हुए परिषद को अपना पूर्ण समर्थन दिया। उन्होंने रक्तदान शिविर में स्वयं उपस्थित होने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान जैसे सामाजिक सरोकार के कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया। परिषद के अनुसार अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ आमजन को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करना है। ‘रक्तदान कर्तव्यम’ अभियान के माध्यम से युवाओं को इस पुनीत कार्य से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बैनर अनावरण कार्यक्रम में तेरापंथ युवक परिषद के MBDD प्रभारी अंकुर बांठिया, मंत्री जीयेश बांठिया, उपाध्यक्ष कमल बांठिया, उपाध्यक्ष सौरभ बैद और सहमंत्री पारस बोथरा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैनर के अनुसार रक्तदान शिविर का आयोजन 17 सितंबर 2026 को तेरापंथ भवन, हनुमानगढ़ टाउन तथा 21 सितंबर 2026 को तेरापंथ भवन, धोलीपाल में किया जाएगा। परिषद ने आमजन से रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

