
हनुमानगढ़, नगर निकाय चुनावों की आहट के साथ जंक्शन के वार्ड नंबर 13 में सियासी हलचल तेज हो गई है। जंक्शन सेक्टर 12 स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित वार्ड सभा में वार्ड के सैकड़ों निवासी शामिल हुए। सभा में वार्ड के विकास, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और पिछले 10 वर्षों में हुए कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का माहौल उस समय पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया, जब वार्डवासियों ने मंजू रणवां के नाम पर सर्वसम्मति जताते हुए उन्हें पार्षद प्रत्याशी के रूप में समर्थन दिया। सभा में मौजूद वार्डवासियों ने पिछले एक दशक के दौरान सुमित रणवां की ओर से करवाए गए विकास कार्यों पर भी चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि सुमित रणवां और मंजू रणवां ने वार्ड में विकास को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। सड़क, गलियों, साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में हुए सुधार को लेकर लोगों ने अपने विचार रखे।
सुरक्षा और साफ-सफाई पर भी हुई चर्चा
बैठक में वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। वार्डवासियों ने कहा कि पिछले वर्षों में सुरक्षा व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है और पूरे वार्ड को सीसीटीवी कैमरों से युक्त किया गया है। वहीं गलियों और साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर भी कई लोगों ने संतोष जताया।वार्डवासियों ने कहा कि साफ-सफाई और गलियों की बेहतर व्यवस्था के कारण वार्ड की पहचान शहर के अन्य वार्डों के बीच अलग नजर आती है। बैठक में लोगों ने भविष्य में वार्ड में और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
समर्थन की माला पहनाकर किया स्वागत
सभा में एक के बाद एक वार्डवासियों ने अपने विचार रखे। लोगों ने कहा कि वार्ड के विकास को आगे बढ़ाने के लिए ऐसा प्रतिनिधि जरूरी है, जो वार्डवासियों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझे और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करे।सभा का सबसे चर्चित पल उस समय आया, जब वार्डवासियों ने मंजू रणवां के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया। समर्थकों ने उन्हें समर्थन की माला पहनाकर स्वागत किया और सर्वसम्मति से पार्षद प्रत्याशी के रूप में अपना समर्थन दिया। इस दौरान समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया और सभा स्थल पर चुनावी माहौल बन गया।
विकास को आगे बढ़ाने का संकल्प
मंजू रणवां के नाम पर सहमति बनने के बाद समर्थकों ने इसे वार्ड की एकजुटता बताया। वार्डवासियों ने कहा कि विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और वार्ड की मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए वे एकजुट होकर काम करेंगे। सभा में वार्ड की भविष्य की प्राथमिकताओं पर भी चर्चा हुई। लोगों ने वार्ड में विकास कार्यों को गति देने, मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने और नागरिकों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही। नगर निकाय चुनाव से पहले वार्ड 13 में हुई यह सभा स्थानीय राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एक ओर जहां वार्डवासियों ने पिछले 10 वर्षों के विकास कार्यों पर चर्चा की, वहीं दूसरी ओर मंजू रणवां के नाम पर बनी सर्वसम्मति ने वार्ड की चुनावी गतिविधियों को नया मोड़ दे दिया है। अब वार्ड 13 में चुनावी सरगर्मियां और तेज होने के आसार हैं।
