अमृत मॉडल स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने परिवार और आमजन को भी नशे से दूर रखने का लिया संकल्प

हनुमानगढ़। नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय युवक परिषद हनुमानगढ़ की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्त हनुमानगढ़ अभियान के तहत अमृत मॉडल स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि इसका असर परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है। नशे की गिरफ्त में आने से युवा शिक्षा, करियर और अपने उज्ज्वल भविष्य से भटक सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
प्रवीण जैन ने कहा कि नशामुक्त समाज की शुरुआत स्वयं से होती है। विद्यार्थियों को न केवल खुद नशे से दूर रहना चाहिए, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव का वाहक बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे का सेवन नहीं करने, नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक रहने तथा अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। विद्यालय परिसर में नशे के खिलाफ जागरूकता संदेश भी दिया गया।
राष्ट्रीय युवक परिषद के प्रचार सचिव विनोद प्रजापत ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए अमृत मॉडल स्कूल प्रबंधन एवं स्टाफ का आभार जताया। उन्होंने बताया कि नशा मुक्त हनुमानगढ़ अभियान के तहत आगामी दिनों में शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाने के साथ उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
