

करीब एक माह से समस्या का समाधान नहीं होने का आरोप, गाड़ी ठीक होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी
हनुमानगढ़। करीब 27 लाख रुपए की नई कार खरीदने के महज दो दिन बाद तकनीकी खराबी आने और करीब एक माह बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से नाराज ग्राहक और उनके परिजनों ने सोमवार को टाटा मोटर्स के सर्विस सेंटर पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सर्विस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि शिकायत के समाधान के लिए उन्हें हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के बीच चक्कर लगवाए गए, लेकिन समस्या का संतोषजनक समाधान नहीं हुआ। ग्राहक मनीष कुमार ने बताया कि उन्होंने करीब एक माह पहले अपनी भाभी पूनम गोस्वामी के नाम से करीब 27 लाख रुपए की नई कार खरीदी थी। उनके अनुसार, कार खरीदने के महज दो दिन बाद ही उसकी चाबी ने काम करना बंद कर दिया। इसके साथ ही आईआर एप के काम नहीं करने की समस्या भी सामने आई। मनीष कुमार के मुताबिक, शिकायत लेकर सर्विस सेंटर पहुंचने पर उन्हें अलग-अलग कारण बताए गए। कभी श्रीगंगानगर जाने के लिए कहा गया तो कभी केवाईसी पूरी नहीं होने की बात कही गई। उनका आरोप है कि तकनीकी समस्या को लेकर भी उन्हें अलग-अलग जानकारी दी गई और करीब एक माह तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
उन्होंने बताया कि बाद में पैसे लेकर कार की चाबी ठीक करके दी गई, लेकिन कुछ समय बाद फिर उसमें खराबी आ गई। इसके अलावा कार की कूलिंग को लेकर भी परेशानी सामने आ रही है। मनीष कुमार का कहना है कि कार ऑटोमैटिक होने के कारण चाबी में खराबी आने पर वाहन स्टार्ट करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में रास्ते में इस तरह की समस्या आने पर चालक को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मनीष कुमार के अनुसार, करीब 10 दिन पहले वे कार की सर्विस करवाने एजेंसी पहुंचे थे, लेकिन उनका आरोप है कि उस समय भी संतोषजनक तरीके से सर्विस नहीं की गई। सोमवार को वे दोबारा शिकायत लेकर सर्विस सेंटर पहुंचे तो कथित तौर पर उन्हें बताया गया कि सर्विस करना बंद कर दिया गया है। इसके बाद उन्हें कार की जांच के लिए श्रीगंगानगर या बीकानेर जाने की बात कही गई।
इससे नाराज ग्राहक और उनके साथ आए लोगों ने सर्विस सेंटर परिसर में धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कंपनी की आफ्टर सेल्स सर्विस पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि लाखों रुपए खर्च कर नई कार खरीदने के बाद ग्राहक को बेहतर उत्पाद के साथ भरोसेमंद सर्विस की भी उम्मीद होती है। नई कार में शुरुआती दिनों से ही समस्या आने और समय पर समाधान नहीं होने से ग्राहक का भरोसा प्रभावित होता है। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी से कार की तकनीकी खामियों की पूरी जांच करवाकर स्थायी समाधान करने और सर्विस व्यवस्था को लेकर स्पष्ट जवाब देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक कार की समस्या का समाधान नहीं होता, धरना जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर मामले को लेकर न्यायालय की शरण लेने की बात भी प्रदर्शनकारियों ने कही।
