28 अगस्त से अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां घटने की संभावना
हनुमानगढ़। राजस्थान में मानसून की गतिविधियां अब कमजोर पडऩे की संभावना है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार आगामी एक सप्ताह राज्य के अधिकांश हिस्सों में कमजोर मानसूनी परिस्थितियां रहने की प्रबल संभावना है। हालांकि पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में सितम्बर के प्रथम सप्ताह में एक बार फिर बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। इसके प्रभाव से पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। झालावाड़ जिले के बकानी में सर्वाधिक 114 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर में प्रदेश का सर्वाधिक 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 28 अगस्त से आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। इस दौरान मानसून परिस्थितियां भी कमजोर रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने सितम्बर के प्रथम सप्ताह में राहत की उम्मीद जताई है। 4 से 7 सितम्बर के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में दोबारा बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि इसका प्रभाव राज्य के सभी हिस्सों में समान रहने की संभावना नहीं है।
