दो पारियों में होगी परीक्षा, परीक्षार्थियों को 30 मिनट पहले पहुंचना होगा केन्द्र

हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में सेमेस्टर, वार्षिक एवं पूरक परीक्षाओं का आयोजन 1 सितम्बर से शुरू होगा। परीक्षाओं में डिप्लोमा सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी तथा पूरक परीक्षा के पात्र विद्यार्थी शामिल होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और परीक्षा कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। परीक्षाएं दो पारियों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा द्वितीय पारी दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी परीक्षा कार्यक्रम के माध्यम से अपने विषय, परीक्षा तिथि, पारी और परीक्षा केन्द्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि परीक्षार्थियों के प्रवेश-पत्र निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उपलब्ध करवा दिए गए हैं। विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले अपना प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर उसमें दर्ज नाम, विषय, परीक्षा तिथि, पारी, परीक्षा केन्द्र सहित अन्य विवरणों की जांच कर लेनी चाहिए। किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते विश्वविद्यालय के संबंधित विभाग से संपर्क करने की सलाह दी गई है। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केन्द्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के लिए प्रवेश-पत्र के साथ वैध पहचान-पत्र लाना अनिवार्य होगा। उत्तर लिखने के लिए विद्यार्थियों को नीला बॉल पेन साथ लाना होगा। परीक्षा की पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए परीक्षा केन्द्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। विद्यार्थियों से परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों की पालना करने की अपील की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षाओं के सुचारू, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। परीक्षा केद्रों पर निर्धारित नियमों के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
