छात्राओं ने दिया सुरक्षा और सम्मान का संदेश

हनुमानगढ़। रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में गुरुवार रयान पब्लिक स्कूल, जंडावाली की छात्राओं ने टाउन स्थित यातायात शाखा पहुंचकर यातायात पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी और उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। विद्यालय की अध्यापिका रुक्मणि, भारती एवं पीटीआई सुनील प्रजापत के नेतृत्व में छात्राओं ने यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा सहित सभी ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। छात्राओं कनीज, नवनीत, निम्रत, परनीत, जसरीत कौर, सुहब कौर, काव्या निनानिया एवं रहमत ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। प्रधानाध्यापिका डॉ. अनिता ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ आमजन की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। रक्षाबंधन पर छात्राओं की ओर से पुलिसकर्मियों को राखी बांधने का उद्देश्य भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ समाज में सुरक्षा, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि समाज में आपसी विश्वास, सुरक्षा, सम्मान और भाईचारे की भावना को मजबूत करने वाला पर्व भी है। उन्होंने छात्राओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस हमेशा बच्चों और आमजन की सुरक्षा के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। इस मौके पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम से पुलिस और विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता एवं सामाजिक जुड़ाव की भावना को मजबूती मिली।
