कंटीली झाडिय़ों और कचरे के ढेर हटाए

हनुमानगढ़। जंक्शन के वार्ड नंबर 49 में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गुरुवार को पूर्व पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत वार्ड के विभिन्न हिस्सों में लंबे समय से जमा कचरे के ढेरों और बढ़ी हुई कंटीली झाडिय़ों की सफाई करवाई गई। सफाई के बाद संबंधित स्थानों से कचरा एवं झाडिय़ां हटाए जाने से वार्डवासियों को राहत मिली। पूर्व पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ ने बताया कि वार्ड के कई हिस्सों में कंटीली झाडिय़ां काफी बढ़ गई थीं और जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए थे। इसके कारण लोगों को आवागमन सहित अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इन स्थानों पर सांप सहित अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की शिकायतें भी लगातार मिल रही थीं, जिससे वार्डवासियों में भय का माहौल था। उन्होंने कहा कि शहर हमारा है और इसे स्वच्छ रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ वार्ड में जहां भी गंदगी और झाडिय़ों की समस्या सामने आई, वहां सफाई करवाने का कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि सफाई होने से वार्ड का वातावरण स्वच्छ होगा और जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने का खतरा भी कम होगा। पूर्व पार्षद ने वार्डवासियों से भी अपील की कि वे अपने आसपास गंदगी और कचरा जमा न होने दें तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वार्ड बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ आमजन को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। सफाई अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने अभियान की सराहना करते हुए वार्ड में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने की मांग की।
