10 सितम्बर को होगा सालाना जोड़ मेला

हनुमानगढ़ टाउन , स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह, शहीद बाबा महताब सिंह, छावनी बुढ्ढा दल में 10 सितम्बर को सालाना जोड़ मेले का आयोजन किया जाएगा। शिरोमणि सेवा रतन, शिरोमणि पंथ रतन जत्थेदार बाबा बलबीर सिंह अकाली 96वें करोड़ी के संरक्षण में होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर गुरुद्वारा साहिब में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जोड़ मेले के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा साहिब में रखे गए लड़ीवार अखंड पाठों की श्रृंखला निरंतर जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को गुरुद्वारा साहिब में 13 अखंड पाठों के विधिवत भोग डाले गए तथा 13 नए अखंड पाठों का प्रकाश कराया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में संगत ने गुरबाणी का श्रवण किया और गुरु साहिब के चरणों में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्य सेवादार बाबा जोगा सिंह ने बताया कि 10 सितम्बर को आयोजित होने वाले सालाना जोड़ मेले के तहत 9 सितम्बर की रात्रि को खुले दीवान सजाए जाएंगे। 10 सितम्बर को लड़ीवार अखंड पाठों के भोग डाले जाएंगे। इसके पश्चात खुले दीवान सजेंगे। इन दीवानों में पंथ की महान शख्सियतों, संत-महापुरुषों, धार्मिक संस्थाओं के मुखियों, निहंग सिंह जत्थेबंदियों के प्रमुख साहिबान तथा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सेवादार सहित अनेक धार्मिक हस्तियां शिरकत करेंगी। बाबा जोगा सिंह ने बताया कि सालाना जोड़ मेले में देश-विदेश से भी संगत के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने बताया कि लड़ीवार अखंड पाठों के माध्यम से जोड़ मेले की धार्मिक परंपरा को श्रद्धा, सेवा और मर्यादा के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। गुरुद्वारा साहिब में मेले की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए सेवादार लगातार जुटे हुए हैं।
