गुरुनानक जयंती पर पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा ननकाना साहिब जाने की मांगी स्वीकृति

हनुमानगढ़। गुरुनानक जयंती के मौके पर पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा ननकाना साहिब में मत्था टेकने जाने की अनुमति को लेकर क्षेत्र की सिख संगत की ओर से गुरुवार को जिला कलक्टर के माध्यम से राजस्थान सरकार के गृह मंत्रालय को ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन के जरिए 24 नवंबर को गुरुनानक जयंती के मौके पर ननकाना साहिब की यात्रा के लिए राजस्थान के सिख श्रद्धालुओं को स्वीकृति प्रदान करने की मांग की गई। हाकम सिंह और बिशन सिंह ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से सिख समाज के श्रद्धालु प्रतिवर्ष गुरुनानक जयंती के मौके पर पाकिस्तान स्थित ननकाना साहिब जाते रहे हैं। हनुमानगढ़ से भी सिख समाज के लोग इस धार्मिक यात्रा में शामिल होते रहे हैं। पूर्व में संगत को अमृतसर एवं दिल्ली से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त होने के बाद यात्रा करने का अवसर मिलता रहा है। सिख संगत के अनुसार इस वर्ष स्वीकृति को लेकर अमृतसर एवं दिल्ली स्तर पर संपर्क करने पर बताया गया कि अब विभिन्न राज्यों की संगत को अपने-अपने राज्य के गृह मंत्रालय से अनुमति लेकर ननकाना साहिब की यात्रा करनी होगी। इसी के चलते राजस्थान की सिख संगत ने राज्य सरकार से यात्रा की अनुमति प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गुरुनानक जयंती सिख समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है। ऐसे में संगत की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए राजस्थान के सिख अनुयायियों को ननकाना साहिब जाने की स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि वे गुरु पर्व के अवसर पर पवित्र गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक हो सकें। इस मौके पर बलवीर सिंह, मनेन्द्र सिंह, तारासिंह, तेजासिंह, मगरूर सिंह, तरसेम सिंह, सतनाम सिंह सहित सिख समाज के कई अन्य नागरिक मौजूद रहे।
