नन्हे-मुन्नों ने टाउन थाने में पुलिसकर्मियों संग मनाया रक्षाबंधन
हनुमानगढ़। द सांता किड्स स्कूल के नन्हे-मुन्नों ने गुरुवार को टाउन पुलिस थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। बच्चों ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उनसे अपनी सुरक्षा का वचन लिया। इस दौरान थाने का माहौल भी भावनात्मक और खुशनुमा नजर आया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बच्चों को टॉफी सहित अन्य खाद्य सामग्री वितरित की और उनके साथ समय बिताया। इस दौरान बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि यदि कोई व्यक्ति कानून अपने हाथ में लेता है तो पुलिस उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करती है। बच्चों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर उत्सुकता से सवाल भी किए। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और पुलिस के बीच विश्वास एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा। स्कूल प्रिंसिपल प्रेरणा पाहुजा व स्टाफ सदस्य अमनदीप कौर ने कहा कि पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। अक्सर बच्चों के मन में पुलिस का नाम सुनकर डर की भावना रहती है, लेकिन इस तरह के आयोजनों से उनका डर दूर होता है और उन्हें यह समझने का अवसर मिलता है कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बच्चों का पुलिस जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाना आपसी विश्वास, भाईचारे और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने वाला संदेश देता है।

