दो बहनों से चौराहे से बर्फ लाने की कहकर घर से निकली थी
हनुमानगढ़। रावतसर के वार्ड नंबर 11 में एक विवाहिता महिला के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। विवाहिता अपनी दो बहनों से बाबा रामदेव-बाबा खेतरपाल रोड चौराहे से बर्फ लाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन घंटों बाद भी वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। मामले में रावतसर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण के आरोप संबंधी धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सोनू (40) पुत्र रामकुमार ढोली निवासी वार्ड नंबर 11, रावतसर ने थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि 25 अगस्त को करीब सुबह 10.30 बजे उसके घर पर उसकी तीन पुत्रियां मौजूद थीं। उसकी शादीशुदा पुत्री सरजीता अपनी दो बहनों से यह कहकर घर से निकली कि वह बाबा रामदेव-बाबा खेतरपाल रोड चौराहे से बर्फ लेने जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, सरजीता के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के स्थानों तथा संभावित ठिकानों पर तलाश के बावजूद 26 अगस्त तक उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण का अनुसंधान सहायक उप निरीक्षक ओमप्रकाश को सौंपा गया है। पुलिस विवाहिता की तलाश के साथ उसके घर से निकलने के बाद संभावित मार्गांे और संपर्कांे की जानकारी जुटा रही है।
