पति ने बाइक सवार पर बहला-फुसलाकर ले जाने का जताया संदेह
हनुमानगढ़। गोलूवाला थाना क्षेत्र के हरदयालपुरा गांव से 26 वर्षीय विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। पति की रिपोर्ट पर गोलूवाला थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण के आरोप में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रेम कुमार (35) पुत्र पोलाराम मेघवाल निवासी वार्ड नंबर 8, 3 एचडीपी, हरदयालपुरा ने थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दी। उसने बताया कि वह 24 अगस्त को घर से दुकान पर मजदूरी करने के लिए गया था। शाम को जब वह वापस घर आया तो उसकी पत्नी शकुन्तला (26) घर पर नहीं मिली। उसने आसपास के लोगों से पत्नी के बारे में जानकारी ली। पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने शकुन्तला को शाम करीब 5 बजे के बाद नहीं देखा। इसके बाद पति ने अपने स्तर पर आस-पड़ोस, रिश्तेदारी और अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। घर में सामान की जांच करने पर संदूक में रखी 70 हजार रुपए की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण भी नहीं मिले। पति के अनुसार शकुन्तला ये सामान अपने साथ ले गई है। रिपोर्ट में पति ने बताया कि घर से सोने की दो जोड़ी बालियां, दो मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां, एक ओम और दो ताबीज, करीब 5 तोला सोना, तथा चांदी की दो जोड़ी पायल भी गायब हैं। रिपोर्ट दर्ज करवाने के दौरान पति ने बताया था कि उसकी पत्नी बिना बताए घर से चली गई है। इसके बाद पुलिस की ओर से की गई अतिरिक्त पूछताछ में प्रेम कुमार ने अपने बयान में आशंका जताई कि एक अज्ञात मोटर साइकिल सवार व्यक्ति उसकी पत्नी शकुन्तला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने रिपोर्ट और अतिरिक्त पुलिस पूछताछ में दिए गए बयान के आधार पर बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उप निरीक्षक हरिराम को सौंपी गई है। पुलिस अब लापता महिला की तलाश के साथ-साथ उसके घर से निकलने की परिस्थितियों और अज्ञात बाइक सवार के संबंध में भी जांच कर रही है।
