फीडर नंबर 4 पर बढ़े लोड से बार-बार टूट रहे तार, मोटर जलने व फसल खराब होने का खतरा; ग्रामीणों ने जेई को सौंपा ज्ञापन

हनुमानगढ़। ग्राम झाबर में कृषि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। कृषि फीडर नंबर 4 पर बढ़ते विद्युत भार के चलते पिछले करीब एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति में लगातार अवरोध आ रहा है। किसानों का कहना है कि उन्हें निर्धारित करीब छह घंटे की कृषि विद्युत आपूर्ति के बजाय महज एक-दो घंटे ही बिजली मिल पा रही है। इससे खेतों में खड़ी फसलों की सिंचाई प्रभावित होने लगी है और किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है।
समस्या को लेकर ग्रामवासियों ने 31 अगस्त को जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के कनिष्ठ अभियंता को ज्ञापन देकर जल्द समाधान करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि फीडर नंबर 4 पहले से ही अधिक विद्युत भार पर संचालित हो रहा था। इसके बाद उच्च क्षमता वाले नए करीब 10-15 विद्युत कनेक्शन आये साल इस लाइन में जोड़ दिए जाने व इस समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं होने से फीडर पर लोड और बढ़ गया है। इसका सीधा असर कृषि विद्युत आपूर्ति पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बढ़े हुए लोड के कारण विद्युत लाइन के तार जगह-जगह से बार-बार टूट रहे हैं। तार टूटने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित होने के साथ ही कई बार टू-फेज की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इससे किसानों की कृषि मोटरों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और मोटर जलने की शिकायत सामने आ रही है। ग्रामीण क्षेत्र की घरेलू बिजली आपूर्ति भी इससे प्रभावित हो रही है।
किसान बलविन्द्र बराड़ ने बताया कि समय पर पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से खेतों में फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। वर्तमान समय में फसलों को पानी की आवश्यकता है और बिजली आपूर्ति में लगातार बाधा रहने से फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से फीडर की क्षमता और बढ़े हुए लोड की तत्काल जांच करवाने तथा कृषि उपभोक्ताओं को निर्धारित समय के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विद्युत तार टूटने से भविष्य में कोई जनहानि या अन्य नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द तकनीकी समाधान करवाने की मांग की, ताकि किसानों की फसल बचाई जा सके और ग्रामीण क्षेत्र में भी बिजली व्यवस्था सुचारु हो।विभाग द्वारा सर्वे करवा कर जल्द नई लाइन बिछाने का आश्वासन दिया जिससे लाइन की लंबाई कम हो जाएगी फाल्ट से निजात मिलेगी। इस मौके पर बलविंदर सिंह बराड विजय पूनिया संसार सिंह टिवाना मोनू बालासर जसवीर सिंह जगजीत सिंह ईश्वर सिंह सेवक धालीवाल कुलविंदर सिंह मेनपाल गेदर गुरप्यार बराड जगजीत विर्क राजा सिंह आदि किसान मौजूद थे।
