सीपीआईएम नेताओं ने माला पहनाकर किया स्वागत, कार्यकर्ताओं के साथ आने से बढ़ा जगदीप विक्की का चुनावी कारवां

हनुमानगढ़। नगर निकाय चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 50 में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। वार्ड 50 से विधायक गणेशराज बंसल की ओर से निर्दलीय प्रत्याशी जगदीप सिंह विक्की को सीपीआईएम की ओर से समर्थन दिए जाने की घोषणा की गई। समर्थन के बाद निर्दलीय प्रत्याशी जगदीप सिंह विक्की के चुनावी अभियान को मजबूती मिलने का दावा किया जा रहा है।
इस अवसर पर सीपीआईएम नेता रामेश्वर वर्मा, सीटू जिलाध्यक्ष आत्मा सिंह, शेर सिंह शाक्य, रघुवीर सिंह वर्मा, गुरप्रेम सिंह, बीएस पेन्टर सहित पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने जगदीप सिंह विक्की का माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें समर्थन देने की बात कही। नेताओं ने कहा कि वार्ड के विकास एवं स्थानीय मुद्दों को लेकर जगदीप सिंह विक्की के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।
बताया गया कि वार्ड नंबर 50 में पिछले नगर निकाय चुनाव के दौरान सीपीआईएम की स्थिति मजबूत रही थी। ऐसे में सीपीआईएम के स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा जगदीप सिंह विक्की के समर्थन में आने से चुनावी समीकरणों पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। समर्थन मिलने के बाद जगदीप विक्की के समर्थकों में भी उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान जगदीप सिंह विक्की ने सीपीआईएम नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें मिल रहे समर्थन को वे वार्ड की जनता की ताकत के रूप में देखते हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाना और क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्य करवाना उनकी प्रमुख प्राथमिकता रहेगी।
समर्थकों ने कहा कि लगातार मिल रहे जनसमर्थन से जगदीप विक्की का चुनावी कारवां बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने घर-घर संपर्क कर मतदाताओं से संवाद करने और क्षेत्र के विकास के लिए जगदीप सिंह विक्की के पक्ष में मतदान की अपील करने की बात कही। वार्ड में सीपीआईएम के समर्थन के बाद चुनावी मुकाबला और अधिक रोचक होने के आसार हैं।
