
हनुमानगढ़। सीबीएसई वेस्ट जोन शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन 21 अगस्त से 26 अगस्त तक विनायक इंटरनेशनल स्कूल, फतेहपुर सीकर में किया गया, जिसमें राजस्थान, गुजरात एवं मध्यप्रदेश के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के टीम इवेंट में मदान इंटरनेशनल स्कूल हनुमानगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम रैंक (1st Rank) हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय की विजेता टीम में गुरएकम सिंह (कक्षा 7), अगमजोत सिंह (कक्षा 7) एवं गीतांश कस्वाँ (कक्षा 6) ने उत्कृष्ट खेल कौशल, एकाग्रता और टीम भावना का परिचय देते हुए यह शानदार उपलब्धि हासिल की। वहीं स्कूल चैयरमैन श्री सुनील मदान ने खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अभिभावकों का सहयोग एवं विद्यालय का मार्गदर्शन ही ऐसी सफलताओं की मजबूत नींव है। वहीं विद्यालय प्रधानाचार्या श्रीमती भावना मित्तल ने खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि मदान इंटरनेशनल स्कूल विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा। इस शानदार प्रदर्शन से खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
