
हनुमानगढ़ के संगरिया थाना क्षेत्र में एक युवक को मारपीट कर जबरन गाड़ी में डालकर ले जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने वारदात के 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अपहृत युवक जसप्रनीत उर्फ जस्सी को पंजाब के भटिंडा से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली है। एसपी बी आदित्य ने बताया कि 1 सितंबर को कासम अली पुत्र मोहम्मद अजीज निवासी ढालिया, हनुमानगढ़ टाउन ने संगरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसा, 31 अगस्त की शाम वह जसपाल उर्फ सोनी और जसप्रनीत उर्फ जस्सी के साथ भारतमाला सड़क पुल के पास रोही फतेहपुर में खड़ा था।
भारतमाला सड़क पुल के पास से किया था किडनैप इसी दौरान फतेहपुर की तरफ से 2 गाड़ियां आईं। इनमें एक कार पश्चिम बंगाल के नंबर की थी और दूसरी बिना नंबर की थी। आरोप है कि कार ड्राइवर ने आते ही जसपाल उर्फ सोनी को टक्कर मार दी। इसके बाद जसपाल और जसप्रनीत के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जसप्रनीत उर्फ जस्सी को गाड़ी में डालकर सुरेवाला की ओर ले गए। जसपाल को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद साथी उसे अस्पताल ले गए। बाद में जसप्रनीत की तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। मामले में संगरिया थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलेभर में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने मुखबिरों और तकनीकी मदद के आधार पर कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों नवप्रीत सिंह, अनमोल सिंह उर्फ गोलू, मुनीष कुमार और बलकरण सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने अपहृत जसप्रनीत उर्फ जस्सी को भटिंडा, पंजाब से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली गई है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस वारदात के पीछे की वजह तथा इसमें शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
