उपखंड अधिकारी रवि कुमार ने व्यापारियों को दिलाई मतदान करने व आमजन को जागरूक करने की शपथ

हनुमानगढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के मद्देनजर मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं चुनाव प्रक्रिया में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को व्यापारियों एवं व्यापार मंडल के सदस्यों की आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) हनुमानगढ़ द्वारा जारी स्वीप कार्यक्रम कैलेंडर के तहत किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी रवि कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का मतदान करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा है और व्यापारियों की आमजन से निरंतर सीधी संपर्क एवं संवाद की भूमिका रहती है। ऐसे में व्यापारी स्वयं मतदान करने के साथ अपने प्रतिष्ठानों पर आने वाले ग्राहकों, परिवारजनों एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
चुनाव शाखा से आंचल फुटेला एवं मनसुखजीत सिंह बग्गा ने भी व्यापारियों को मतदान प्रक्रिया तथा मतदाता जागरूकता अभियान के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वीप गतिविधियों का उद्देश्य अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करना है, ताकि चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी बढ़े और लोकतांत्रिक व्यवस्था और मजबूत हो।
इस दौरान उपखंड अधिकारी रवि कुमार, चुनाव शाखा से आंचल फुटेला एवं मनसुखजीत सिंह बग्गा ने उपस्थित व्यापारियों को मतदान करने तथा आमजन को मतदान के लिए जागरूक करने की शपथ दिलाई। व्यापारियों ने शपथ लेते हुए स्वयं मतदान करने और अपने परिवार, परिचितों तथा आमजन को भी मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
व्यापार मंडल अध्यक्ष धर्मपाल जिन्दल ने प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए व्यापारियों से इसमें सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति नागरिक की जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल के डिप्टी स्वरूप बंसल, कमल गोयल, जगदीश अग्रवाल, राजकुमार गोयल, अनुज सिहाग, मनोहर लाल, रमेश कुमार, संदीप एवं भीमसैन सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने आगामी नगरीय निकाय चुनाव में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करवाने तथा आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करने में सहयोग का भरोसा दिलाया।
