बिजली निगम की जेईएन की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
हनुमानगढ़। भिरानी थाना क्षेत्र में बिजली ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की घटना सामने आई है। 4 जेएसएल स्थान पर अज्ञात व्यक्ति ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए लगे दो ट्रांसफार्मरों की सील व ढक्कन तोडक़र उनमें से तेल चोरी कर ले गए। घटना के संबंध में जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से भिरानी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पुलिस के अनुसार जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, भादरा की कनिष्ठ अभियंता श्वेता सहारण (29) पुत्री बस्तीराम सहारण निवासी गुसाईंयों का बास, रामपुरा तहसील भादरा ने थाने में लिखित रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट के साथ जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड कार्यालय सहायक अभियंता ग्रामीण भादरा का पत्र भी संलग्न किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक 4 जेएसएल स्थान पर महिपत पुत्र हीराराम एवं रणसिंह पुत्र श्योकरण के नाम से ट्यूबवेल का विद्युत कनेक्शन है। इस कनेक्शन पर थ्री-फेज के 16-16 केवीए क्षमता वाले दो ट्रांसफार्मर लगे हुए थे। आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रांसफार्मरों की सील और ढक्कन तोडक़र उनमें से तेल चोरी कर लिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर विद्युत अधिनियम की धारा के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल राजमोहन को सौंपी गई है। पुलिस मौके का निरीक्षण करने के साथ ट्रांसफार्मरों से चोरी हुए तेल की मात्रा, घटना के समय तथा वारदात में शामिल आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
