पूजा-अर्चना और आरती में बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु, 24 सितंबर को भंडारा और 25 को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

हनुमानगढ़। जंक्शन रेलवे स्टेशन रोड स्थित बालाजी मंदिर परिसर में चल रहे 17वें गणेश महोत्सव का दसवां दिन बुधवार को धार्मिक आस्था और भक्तिमय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। भगवान गणेश की विशेष पूजा-अर्चना और आरती में समाजजनों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे मंदिर परिसर में दिनभर गणपति बप्पा के जयकारों और भक्ति का माहौल बना रहा। गणेश महोत्सव का आयोजन स्वर्णकार समाज समिति, मराठा मंडल एवं जनसहयोग से किया जा रहा है। महोत्सव के तहत प्रतिदिन भगवान गणेश की विशेष पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया जा रहा है।
सपरिवार की भगवान गणेश की विशेष पूजा
बुधवार सुबह पंडित विजय कुमार शर्मा के सान्निध्य में यजमान सागर सोनी एवं अंजू सोनी ने सपरिवार भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न होने के बाद आरती की गई। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के जयकारे लगाए और सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। पूजा के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने गणेश महोत्सव में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समाज की एकता और आस्था का प्रतीक है महोत्सव
समिति के सहसचिव बिट्टू सोनी ने बताया कि गणेश महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज की एकजुटता का भी माध्यम बन रहा है। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन आयोजित होने वाली पूजा और आरती में समाज के लोगों सहित अन्य श्रद्धालु भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि महोत्सव को लेकर समाजजनों में खासा उत्साह है और प्रतिदिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है।
24 सितंबर को भव्य भंडारा
स्वर्णकार समाज समिति के अध्यक्ष बबलू सोनी ने बताया कि महोत्सव के तहत 24 सितंबर को बालाजी मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के प्रसादी ग्रहण करने की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद 25 सितंबर को गणेश प्रतिमा की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। ढोल-नगाड़ों और धार्मिक जयघोष के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते भगवान गणेश को विदाई देंगे। शोभायात्रा के बाद गणेश प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा और इसी के साथ 17वें गणेश महोत्सव का समापन होगा।
आयोजन में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान स्वर्णकार समाज समिति के संरक्षक सुभाष सोनी, संरक्षक सुरेंद्र सोनी, उपाध्यक्ष मनीष जांगिड़, सचिव एडवोकेट दीपक सोनी, कोषाध्यक्ष अनिल मराठा, प्रचार मंत्री अमन सोनी, सुधीर जांगिड़, सतीश सोनी, सागर सोनी, विकास सोनी, मनीष सोनी, संजीव सोनी, ध्रुव सोनी, उर्मिला सोनी, जितेंद्र बेदी, राकेश जांगिड़, छिदा सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
