
हनुमानगढ़। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ढाबा में 24 सितंबर 2026 को आयोजित 31वीं जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में द्वारका देवी मार्शल आर्ट एसोसिएशन के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में कुल 14 पदक हासिल किए। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए एकेडमी एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में रजत सिंह भाटी और जशन दीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं तरुण सिगांठिया, नारायण सिंह, अरमान खान और अरुण ने रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा मोहित सिगांठिया, कार्तिक शर्मा, मोमन शर्मा, शिव कुमार, देवकीनंदन शर्मा, नवदीप कौर, लकी और यशवर्धन सिंह शेखावत ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शानदार सफलता हासिल करने के बाद सभी पदक विजेता खिलाड़ी जब द्वारका देवी मार्शल आर्ट एकेडमी पहुंचे तो उनका भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया और उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई गई। इस अवसर पर अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी मान सिंह भाटी, महेंद्र सिंह बरोड़, हेड कांस्टेबल एवं कोच संदीप कुमार बरोड़, अनुज बड़गुज्जर, एकेडमी संचालक दुलीचंद बरोड़ और वीरेंद्र गिल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अतिथियों ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ अपनी तैयारियां जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षकों और अभिभावकों ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एकेडमी परिवार की ओर से सभी पदक विजेता खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को बधाई दी गई।
