मांग पूरी नहीं हुई तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी, बैंक कर्मचारियों ने किया आंदोलन तेज

हनुमानगढ़। 5-डे बैंकिंग व्यवस्था लागू करने सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों का आंदोलन तेज हो गया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के केंद्रीय आह्वान पर गुरुवार, 24 सितंबर को कार्यालय समय समाप्त होने के बाद हनुमानगढ़ टाउन-जंक्शन रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने 5-डे बैंकिंग व्यवस्था लागू करने सहित अन्य मांगों को लेकर नारेबाजी की और सरकार तथा संबंधित विभागों से मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की। बैंक कर्मचारियों ने कहा कि 11 सितंबर 2026 को हुई राष्ट्रव्यापी हड़ताल के बावजूद भारतीय बैंक संघ (IBA) और वित्तीय सेवा विभाग (DFS) की ओर से 5-डे बैंकिंग लागू करने तथा अन्य लंबित मुद्दों के समाधान को लेकर अपेक्षित सकारात्मक पहल नहीं की गई है। इसी के चलते UFBU की ओर से आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।
28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि आंदोलन के तहत 14 से 30 सितंबर तक नियमानुसार कार्य कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत बैंक कर्मचारी निर्धारित कार्य समय में ही काम करेंगे। कार्यालय समय से पहले या बाद में काम नहीं करने के साथ ही गैर-कार्यालयीन समय में आधिकारिक बैठकों और आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुपों का भी बहिष्कार किया जा रहा है। कर्मचारियों के अनुसार, 26 और 27 सितंबर को हड़ताल की तैयारियों को लेकर बैठकें और जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को देशभर में तीन दिवसीय पूर्ण बैंक हड़ताल प्रस्तावित है।
5-डे बैंकिंग लागू करने की प्रमुख मांग
बैंक कर्मचारियों ने कहा कि उनकी प्रमुख मांग सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है। उनका कहना है कि बैंकिंग क्षेत्र में लंबे समय से 5-डे बैंकिंग की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अभी तक इस संबंध में अपेक्षित निर्णय नहीं हुआ है। कर्मचारियों ने लंबित अन्य मुद्दों के समाधान की भी मांग की।
26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 5-डे बैंकिंग सहित उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। UFBU के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार अक्टूबर में भी प्रदर्शन और जनसंपर्क अभियान जारी रहेंगे। मांगों का समाधान नहीं होने की स्थिति में 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा की गई है। कर्मचारियों ने कहा कि लगातार हड़ताल की स्थिति बनने पर बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं और इसका असर वित्तीय गतिविधियों पर पड़ सकता है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने आगामी तीन दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने के लिए एकजुटता का आह्वान किया।
विभिन्न बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी हुए शामिल
प्रदर्शन में पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन से दीपक चौधरी और दिलीप कुमार, वर्कमैन यूनियन से प्रदीप गोयल, अश्वनी अरोड़ा और उमाशंकर गोयल, एसबीआई से सुधीर, जगप्रीत ढींगरा, डूंगर भाटी, तेजिंदर सियाग, प्रदीप जोशी, अंकित डोडा, दीपिका और हर्षा सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से आदराम साहू, केनरा बैंक से अंकिता और आशीष, बैंक ऑफ बड़ौदा से राजेश मुंजाल और वीरेंद्र सहारण तथा बैंक ऑफ इंडिया से राकेश कुमार और रुपेश कुमार सहित बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन में भाग लिया। महिला बैंक कर्मचारियों ने भी प्रदर्शन में अपनी भागीदारी निभाई।
