भगत सिंह युवा क्लब ने नशामुक्ति का दिया संदेश, दो विद्यालयों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम


हनुमानगढ़। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर भगत सिंह युवा क्लब एवं ग्राम पंचायत नन्दराम की ढाणी के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नन्दराम की ढाणी और राजकीय माध्यमिक विद्यालय 8 एसएसडब्ल्यू में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को भगत सिंह के जीवन, संघर्ष, त्याग, बलिदान और क्रांतिकारी विचारों से परिचित करवाया गया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के गुरुजनों मनोज पारीक, अमीलाल छापोला और विनोद ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए भगत सिंह के जीवन और देश के प्रति उनके समर्पण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भगत सिंह ने बेहद कम उम्र में देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था। उनके विचार और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी युवाओं को सामाजिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हैं। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से भगत सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए शिक्षा, अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी समाज की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं और यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ें तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
नशे से दूर रहने का दिया संदेश
जागरूकता कार्यक्रम में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और उसके दुष्प्रभावों पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और जागरूक युवा ही मजबूत समाज और बेहतर भविष्य की नींव रख सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को फल भी वितरित किए गए। भगत सिंह युवा क्लब के सदस्यों ने बच्चों के बीच पहुंचकर शहीद भगत सिंह की जयंती मनाई और सेवा, सामाजिक जागरूकता एवं नशामुक्ति का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों में भी उत्साह नजर आया। भगत सिंह युवा क्लब के सदस्यों ने कहा कि युवाओं की जिम्मेदारी केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं है। उन्हें शिक्षा, नशामुक्ति, आपसी भाईचारे और सामाजिक चेतना को मजबूत करने में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के विचारों से जोड़ना और उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराना है। क्लब सदस्यों ने कार्यक्रम में सहयोग एवं सहभागिता के लिए दोनों विद्यालयों के गुरुजनों, साथियों और सहयोगकर्ताओं राजू शिहमार, सुनील टाक, कुलविंदर सिंह भमराह, अजय लिम्बा, हरिकृष्ण टाक, अश्वनी गेदर, मनीष किरोड़ीवाल, विकास वर्मा, लीलाधर, मोहनलाल नायक, सुनील नायक, रोहित कुमार, संजय जलंदरा, दयानंद पारीक, प्रदीप लिम्बा, तिलकराज, बलविंदर सिंह मान, मोनू बालासरिया, राधेश्याम, अमनदीप सिंह, पवन नोखवाल, नरेश कुमार, धर्मपाल गेदर सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। क्लब की ओर से बताया गया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों और युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने तथा विभिन्न सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
