सिंचाई विभाग पर लापरवाही का आरोप, समाधान नहीं हुआ तो 1 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

हनुमानगढ़। न्यू फतेहगढ़ माइनर के चक 5 एफटीजी के काश्तकारों ने मोघे का एच पूरा नहीं होने से खेतों तक पर्याप्त सिंचाई पानी नहीं पहुंचने की समस्या को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि इस संबंध में सिंचाई विभाग के अधिकारियों को पहले भी प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। किसानों का कहना है कि पर्याप्त पानी नहीं मिलने से खेतों में खड़ी खरीफ की फसल प्रभावित हो रही है। वहीं अक्टूबर माह में रबी 2026-27 की बिजाई शुरू होनी है, ऐसे में यदि समय रहते सिंचाई पानी की व्यवस्था नहीं हुई तो किसानों के सामने नई फसल की बिजाई को लेकर भी गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।
रि-लाइनिंग के बाद बढ़ी समस्या का आरोप
ज्ञापन में काश्तकारों ने बताया कि न्यू फतेहगढ़ माइनर की हाल ही में रि-लाइनिंग करवाई गई है। किसानों का आरोप है कि रि-लाइनिंग के दौरान आवश्यकता से अधिक स्लोप दिए जाने के कारण चक 5 एफटीजी के मोघे का एच पूरा नहीं हो पा रहा है। उनका कहना है कि इसी वजह से मोघा हवा ले रहा है और ऊपर से खाली चल रहा है, जिससे निर्धारित मात्रा में पानी खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा। किसानों के अनुसार उन्होंने मौके पर नहर के लेवल की जांच भी की। उनका दावा है कि चक 5 एफटीजी का मोघा पैड से करीब दो इंच नीचे लगा हुआ है, जबकि नहर की लाइनिंग में प्रत्येक 100-100 फीट पर करीब आधा इंच का स्लोप दिया गया है। किसानों का कहना है कि इस तकनीकी स्थिति के चलते मोघे तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा और इसका सीधा असर सिंचाई व्यवस्था पर पड़ रहा है।
खड़ी फसल प्रभावित, रबी की बिजाई पर भी संकट
काश्तकारों ने बताया कि खेतों में खड़ी खरीफ की फसल को आवश्यकता के अनुसार सिंचाई नहीं मिल पा रही है। इससे फसल प्रभावित होने के साथ किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका है। किसानों का कहना है कि अक्टूबर में रबी की फसल की बिजाई शुरू होनी है और इसके लिए समय पर खेतों में पानी उपलब्ध होना जरूरी है। किसानों ने सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि नहर की रि-लाइनिंग के बाद तकनीकी खामी के कारण पानी मोघे तक पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच रहा है तो विभाग को इसका तत्काल समाधान करना चाहिए। किसानों के अनुसार विभागीय स्तर पर समस्या का समाधान नहीं होने का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है।
1 अक्टूबर से आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन में काश्तकारों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि समय रहते चक 5 एफटीजी के मोघे का एच पूरा नहीं करवाया गया तो वे 1 अक्टूबर 2026 से मोघे के आगे नहर में बाध लगाकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। किसानों ने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी सिंचाई विभाग एवं प्रशासन की होगी। किसानों ने जिला कलेक्टर से मांग की कि स्थायी समाधान में यदि समय लगता है तो फिलहाल अस्थायी व्यवस्था कर मोघे का एच पूरा करवाया जाए, ताकि खेतों तक पर्याप्त सिंचाई पानी पहुंच सके और रबी 2026-27 की फसल की समय पर बिजाई सुनिश्चित हो सके। ज्ञापन देने के दौरान अमर सिंह, गुरलाल सिंह, कृष्ण सिंह, आत्मा राम, लालचंद, सुखवीर सिंह, गुरप्रीत, रामलाल, सुरेन्द्र, मनोहर, राजाराम, जगदीश, दलीप कुमार, मदन लाल, कृपाराम, सुरजाराम, हरजिन्द्र सिंह, सुखजीत सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
