तीन घंटे चले प्रदर्शन के बाद कंपनी के वकील ने उपलब्ध करवाए दस्तावेज, धरना समाप्त

हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित कैपिटल फाइनेंस कंपनी के खिलाफ मंगलवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (माकपा) की ओर से धरना-प्रदर्शन किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने निजी वित्तीय कंपनियों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाते हुए आमजन को कथित रूप से परेशान किए जाने के आरोप लगाए। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद कंपनी के वकील मौके पर पहुंचे और संबंधित दस्तावेज उपलब्ध करवाए, जिसके बाद माकपा कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।माकपा तहसील सचिव कामरेड बसंत सिंह ने कहा कि हनुमानगढ़ शहर में कई निजी वित्तीय कंपनियां संचालित हो रही हैं। पार्टी का आरोप है कि कुछ कंपनियों द्वारा ऋण और विभिन्न वित्तीय योजनाओं के माध्यम से लोगों को परेशान किया जाता है। उन्होंने कहा कि माकपा ऐसे मामलों को लेकर लगातार आवाज उठा रही है और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास कर रही है। जिला सचिव मंडल सदस्य कामरेड शेर सिंह शाक्य ने बताया कि प्रेमपुरा निवासी एक युवक से जुड़े लोन के मामले को लेकर पार्टी ने यह धरना दिया। उनके अनुसार युवक पिछले करीब दो महीने से कंपनी के चक्कर लगा रहा था, लेकिन उसे लोन का नो-ड्यूज प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा था। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि युवक पर दोबारा उसी कंपनी से लोन लेने का दबाव भी बनाया जा रहा था। इसी मामले को लेकर माकपा कार्यकर्ताओं ने कंपनी कार्यालय के सामने धरना शुरू किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कंपनी की कार्यप्रणाली के विरोध में नारेबाजी की और संबंधित उपभोक्ता को दस्तावेज उपलब्ध करवाने की मांग उठाई। माकपा नेताओं के अनुसार धरना शुरू होने के बाद कंपनी के कर्मचारी कथित तौर पर कार्यालय पर ताला लगाकर वहां से चले गए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही धरना जारी रखा और कंपनी की ओर से जवाब दिए जाने की मांग की। करीब तीन घंटे बाद कंपनी के वकील मौके पर पहुंचे और संबंधित कागजात उपलब्ध करवाए। दस्तावेज मिलने के बाद माकपा कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया। पार्टी नेताओं ने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में यदि किसी प्रकार की परेशानी या अनुचित प्रक्रिया सामने आती है तो संगठन आगे भी संबंधित लोगों की आवाज उठाता रहेगा। धरने में कामरेड अनिल चौधरी, रिछपाल सिंह राठौड़, चुन्नी लाल, गुरुप्रेम सिंह, हरजी वर्मा, सुल्तान खान, वारस अली, सलमान खान, बलवीर शाक्य, ओम प्रकाश और शत्रोहन सहित माकपा के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
