1 से 7 अक्टूबर तक चलेगा आयोजन, नैतिकता, सद्भाव और नशामुक्त जीवन का दिया जाएगा संदेश

हनुमानगढ़। अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के तत्वावधान में अणुव्रत समिति हनुमानगढ़ की ओर से 1 से 7 अक्टूबर तक सप्तदिवसीय अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से अणुव्रत के नैतिक, मानवीय और सामाजिक संदेश को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि अणुव्रत किसी धर्म, जाति, वर्ण या संप्रदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण मानव समाज को नैतिक जीवनशैली अपनाने और अपने आचरण में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश देता है। सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को नैतिकता, ईमानदारी, अनुशासन, सद्भाव तथा नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बैनर का किया अनावरण
अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर कार्यक्रम के बैनर का अनावरण अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई एवं सीओ सिटी मीनाक्षी लेघा ने किया। इस दौरान अरविंद बिश्नोई ने अणुव्रत के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने को सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने अणुव्रत के नैतिक एवं सामाजिक संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में आंचलिक निवर्तमान अध्यक्ष जैन प्रकाश जैन, अणुव्रत समिति अध्यक्ष सुभाष बांठिया, मंत्री आनंद जैन, जंक्शन सभा अध्यक्ष हरीश दफ्तरी, मंत्री ऋषभ चौरड़िया, प्रोफेशन फोरम के निवर्तमान अध्यक्ष मनोज गोलछा, भारतीय जैन संगठन अध्यक्ष विजय लूणावत, युवक परिषद अध्यक्ष गौरव जैन तथा सभा कार्यकारिणी सदस्य शांतिलाल बेद सहित समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
1 अक्टूबर को अणुव्रत प्रेरणा दिवस
अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के तहत 1 अक्टूबर को अणुव्रत प्रेरणा दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर सुबह 10:30 बजे पॉलिटेक्निक कॉलेज, हनुमानगढ़ जंक्शन तथा 11:30 बजे व्यापार मंडल स्कूल, हनुमानगढ़ टाउन में कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा अणुव्रत गीत का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसके साथ ही अणुव्रत जीवनशैली, नैतिकता, सद्भाव, ईमानदारी, अनुशासन और नशामुक्त जीवन जैसे विषयों पर प्रेरणात्मक संदेश दिए जाएंगे।
4 अक्टूबर को नशामुक्ति दिवस पर मैराथन रैली
सप्ताह के दौरान 4 अक्टूबर को नशामुक्ति दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुबह 7:30 बजे नेशनल पब्लिक स्कूल, तिलक सर्किल से अबोहर रोड स्थित श्रीदेवी कॉलेज तक मैराथन रैली निकाली जाएगी। समिति की ओर से नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से रैली में सक्रिय रूप से शामिल होकर नशामुक्त समाज के संदेश को मजबूत करने का आह्वान किया गया है।
