विद्यार्थियों ने नैतिकता, संयम और नशामुक्त जीवन अपनाने का लिया संकल्प


हनुमानगढ़। अणुव्रत समिति, हनुमानगढ़ की ओर से अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह का शुभारंभ विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, संयम, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से किया गया। सप्ताह के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं व्यापार मंडल विद्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अणुव्रत के सिद्धांतों, नियमों और जीवन-मूल्यों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने नैतिकता, ईमानदारी, संयम, अनुशासन तथा नशामुक्त जीवन के संदेश को आत्मसात करते हुए अणुव्रत के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इससे पूर्व समिति की ओर से के.जी. पब्लिक स्कूल एवं श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक में भी अणुव्रत चेतना कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों ने अणुव्रत चेतना एवं संयम गीत का सामूहिक गान किया। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने और बुरी आदतों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व आंचलिक अध्यक्ष प्रकाश जैन, सुरेन्द्र कोठारी, अणुव्रत समिति अध्यक्ष सुभाष बांठिया, मंत्री आनंद जैन, जंक्शन सभा अध्यक्ष हरीश दफ्तरी, मंत्री ऋषभ चौरड़िया, टाउन सभा अध्यक्ष राजेंद्र बैद, मंत्री अभिषेक दुगड़, व्यापार मंडल समिति अध्यक्ष बालकिशन गोल्यान, मंत्री हरि खदरिया, महिला मंडल अध्यक्ष सरोज बांठिया, पिंकी संकलेचा, प्रेक्षा बांठिया, अणुव्रत समिति उपाध्यक्ष प्रेम दफ्तरी, कोषाध्यक्ष अजय पारख, प्रचार मंत्री मनोज बैद, संगठन मंत्री अनुराग बांठिया, युवक परिषद अध्यक्ष गौरव जैन, प्रोफेशनल फोरम के निवर्तमान अध्यक्ष मनोज गोलछा, सभा कार्यकारिणी सदस्य शांतिलाल बेद सहित विभिन्न संस्थानों के प्राचार्य रमेश धानक, नीलम गौड़, किरण राठौड़, संजू गाडिया, अशोक सुथार, दिव्या शर्मा, शिक्षक जसवंत कुमावत एवं विक्रम शर्मा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
आगे भी होंगे विविध आयोजन
अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के तहत शुक्रवार को अहिंसा दिवस का आयोजन महात्मा गांधी विद्यालय, केनाल कॉलोनी में सुबह 8 बजे किया जाएगा। वहीं रविवार को नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डॉक्टर फॉर सोसाइटी संस्थान के सहयोग से जागरूकता मार्च निकाला जाएगा। मार्च एनपीएस स्कूल से प्रारंभ होकर श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज तक पहुंचेगा। इस दौरान लोगों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया जाएगा। अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के माध्यम से समिति की ओर से विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन तक नैतिकता, अहिंसा, संयम, अनुशासन एवं नशामुक्त जीवन का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
