41 जिलों एवं विभिन्न अकादमियों के करीब 600 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, 17 व 19 वर्ष आयु वर्ग में दिखाएंगे प्रतिभा; 7 अक्टूबर तक चलेगी प्रतियोगिता

हनुमानगढ़ जंक्शन। राजस्थान सरकार के माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय तीरंदाजी छात्र-छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का बुधवार को गुरु हरकृष्ण सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, हनुमानगढ़ जंक्शन में भव्य शुभारंभ हुआ। जिले में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित हो रही इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 41 जिलों एवं विभिन्न खेल अकादमियों से करीब 600 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक विद्यालय परिसर में आयोजित की जा रही है। उद्घाटन समारोह की शुरुआत नन्हे विद्यार्थियों द्वारा अतिथियों के माल्यार्पण एवं तिलक लगाकर स्वागत के साथ हुई। समारोह में खिलाड़ियों और अतिथियों के बीच उत्साह एवं खेल भावना का माहौल देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधक अमन संधू ने कहा कि हनुमानगढ़ में पहली बार इस स्तर की राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन होना जिले के लिए गौरव का विषय है। आयोजक विद्यालय के रूप में प्रबंधन की ओर से प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। खिलाड़ियों और टीम प्रभारियों के ठहरने, भोजन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए शिक्षा विभाग के सहयोग से बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। भाजपा नेता अमित साहू ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश
सीडीईओ पन्नालाल कड़ेला एवं यशपाल असीजा ने अपने संबोधन में खेलों के साथ पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान अतिथियों एवं उपस्थित लोगों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को खेलों में आगे बढ़ने के साथ प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी समझना चाहिए। इसके बाद पन्नालाल कड़ेला एवं यशपाल असीजा ने विधिवत प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। इसके साथ ही 70वीं राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का औपचारिक आगाज हुआ।
17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
प्रतियोगिता में 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं तीरंदाजी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं खेल अकादमियों से पहुंची टीमों के खिलाड़ियों और टीम प्रभारियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह नजर आया। प्रतिभागी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर अपने जिले एवं विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए मैदान में उतर रहे हैं। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए शिक्षा विभाग की ओर से महेश गरासिया एवं अनु मीना को कॉर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा चयन समिति का गठन करने के साथ करीब 58 रेफरी नियुक्त किए गए हैं, ताकि प्रतियोगिता की विभिन्न गतिविधियों का सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन हो सके।
खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की विशेष व्यवस्था
राज्य के अलग-अलग जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों और उनके प्रभारियों के लिए ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही भोजन, खेल मैदान, आवास, आवश्यक सुविधाओं तथा प्रतियोगिता से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को भी सुव्यवस्थित किया गया है। विभिन्न जिलों से आए शारीरिक शिक्षक, खेल प्रभारी, आवास प्रभारी एवं टीम प्रभारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग हनुमानगढ़ की ओर से नियुक्त कर्मचारी पिछले करीब एक सप्ताह से तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन स्थल पर पुरुषों के साथ महिला कर्मचारी भी सुबह से शाम तक विभिन्न जिम्मेदारियां संभालती नजर आईं।
‘वीर और वीरा’ शुभंकर बना आकर्षण
कार्यक्रम में कार्टूनिस्ट मस्तान सिंह द्वारा तैयार किया गया ‘वीर एवं वीरा’ शुभंकर भी आकर्षण का केंद्र रहा। खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों के बीच शुभंकर की चर्चा रही और इसने आयोजन को एक अलग पहचान दी।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में डिप्टी डीओ भीमजी, एडीओ हनुमानगढ़ अजय भार्गव, रणवीर साहू, राजकीय प्रधानाचार्य पवन कौशिक एवं मनोज पारीक, आयोजक विद्यालय के निदेशक टी.एस. रंधावा, प्रधानाचार्या पुष्पा चावला, उपप्रधानाचार्या नरेंद्र कौर, परमिंदर सिंह, गुरदयाल सिंह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अमन सिंह सहित शिक्षा एवं खेल जगत से जुड़े अधिकारी, शिक्षक, खेल प्रभारी और गणमान्यजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रधानाचार्या सरिता राघव, पवन कौशिक एवं अभिमन्यु नेकिया ने प्रभावी एवं आकर्षक ढंग से किया। समापन अवसर पर प्रधानाचार्या पुष्पा चावला ने अतिथियों, अधिकारियों, टीम प्रभारियों, शारीरिक शिक्षकों, खिलाड़ियों एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। हनुमानगढ़ में पहली बार आयोजित हो रही यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जिले के खेल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण आयोजन बन गई है। 7 अक्टूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आई उभरती तीरंदाजी प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच मिल रहा है।
