समाज की प्रतिभाओं के सम्मान के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 2 अक्टूबर की

हनुमानगढ़। अग्रवाल समाज समिति की बैठक महाराजा अग्रसेन भवन में समिति अध्यक्ष इंजी. सुभाष बंसल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 11 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह भव्य एवं गरिमापूर्ण तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया। समारोह की तैयारियों को लेकर समिति पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। अधिक से अधिक प्रतिभाओं को सम्मान समारोह में शामिल करने के उद्देश्य से प्रतिभाओं के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 2 अक्टूबर कर दी गई है। इससे पहले आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित थी। समिति की ओर से बताया गया कि पात्र प्रतिभाएं आवेदन पत्र महाराजा अग्रसेन भवन से प्राप्त कर वहीं जमा करवा सकती हैं। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि आवेदन की तिथि बढ़ाने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समाज की कोई भी योग्य प्रतिभा सम्मान से वंचित न रहे। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को समारोह के दौरान सम्मानित किया जाएगा। समिति अध्यक्ष इंजी. सुभाष बंसल ने सभी अग्रबंधुओं से अपील की कि वे अपने परिवार एवं समाज की पात्र प्रतिभाओं की जानकारी निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध करवाएं, ताकि योग्य प्रतिभाओं को महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह में सम्मानित किया जा सके।उन्होंने कहा कि समाज की प्रतिभाएं समाज की धरोहर हैं और उनका सम्मान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अग्रवाल समाज के सभी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में जयंती समारोह में शामिल होने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। बैठक में सुभाष बंसल, अनिल बंसल, महावीर बंसल, आशीष गोयल, सुरेश मित्तल, मुकेश मित्तल एवं सुभाष मित्तल सहित समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
