दीपावली से पहले शहर को स्वच्छ बनाने पर जोर, सभापति मंजू रणवा बोलीं—स्वच्छ शहर की जिम्मेदारी सभी की


हनुमानगढ़। दीपावली से पहले शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद हनुमानगढ़ की ओर से मंगलवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जंक्शन रेलवे स्टेशन से भगत सिंह चौक तक सड़क के किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई की गई। नगर परिषद सभापति मंजू रणवा, उपसभापति सोनू बंसल, पूर्व सभापति सुमित रणवा सहित पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने सफाई कर्मचारियों के साथ अभियान में सहभागिता निभाई। अभियान की शुरुआत सभापति मंजू रणवा, उपसभापति सोनू बंसल, पूर्व सभापति सुमित रणवा एवं वार्ड पार्षदों की मौजूदगी में हुई। इस दौरान रेलवे स्टेशन से भगत सिंह चौक तक विभिन्न स्थानों पर जमा कचरे और गंदगी को हटाया गया। जनप्रतिनिधियों ने सफाई कार्य में भाग लेने के साथ आमजन को भी सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।
स्वच्छता की जिम्मेदारी हर नागरिक की
सभापति मंजू रणवा ने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल नगर परिषद की नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं। उन्होंने कहा कि शहर को साफ रखने के लिए नगर परिषद की ओर से नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जाएंगे। इन अभियानों का उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता पैदा करना भी है।
उपसभापति ने दिलाई स्वच्छता की शपथ
उपसभापति सोनू बंसल ने अभियान में मौजूद नागरिकों, पार्षदों एवं अन्य लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने हनुमानगढ़ को स्वच्छता के क्षेत्र में प्रथम स्थान पर लाने के लिए शहरवासियों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
दीपावली से पहले सफाई व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
पूर्व सभापति सुमित रणवा ने कहा कि दीपावली से पहले शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत करना नगर परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि दीपावली के अवसर पर सजावट प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। प्रतियोगिता में बेहतर सजावट करने वाले प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से दीपावली के पर्व को स्वच्छता एवं सुंदरता के साथ मनाने तथा अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने का आह्वान किया।
ये रहे मौजूद
सफाई अभियान के दौरान वार्ड पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ बब्बी, नवीन बाकोलिया, केके वृत्तिया, चंदन मोंगा, मानवेंद्र सिंह राठौड़, मनप्रीत सैनी, गजेंद्र सिंह राठौड़, महावीर सिल्लू, शारदा संतराम जेलिया, सोहन सांगा, राजेंद्र राजू, लखविंदर सिंह, रूपेंद्र यादव, श्रवण कुमार, पूर्व पार्षद कौर सिंह खोसा, स्वच्छता निरीक्षक जगदीश सिराव, प्रेम जेईएन सहित नगर परिषद के कर्मचारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अभियान के दौरान नगर परिषद की टीम और जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अपील की कि दीपावली के त्योहार से पहले शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें और सफाई व्यवस्था को बनाए रखने में नगर परिषद का साथ दें।
