4 अक्टूबर को कामधेनु सत्संग भवन में सजेगा ‘एक शाम मां ब्रह्माणी के नाम’ भक्ति दरबार, मंगलपाठ के बाद होगा महाप्रसाद

हनुमानगढ़। पल्लू धाम परिवार हनुमानगढ़ टाउन की ओर से आयोजित होने वाले ‘एक शाम मां ब्रह्माणी के नाम’ पंचम मंगलपाठ महोत्सव एवं दिव्य ज्योति दर्शन महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। महोत्सव का आयोजन 4 अक्टूबर 2026, रविवार को दोपहर 1:15 बजे कामधेनु सत्संग भवन, श्री गौशाला समिति, चिल्ड्रन स्कूल के सामने, हनुमानगढ़ टाउन में किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। महोत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए बुधवार को प्रचार रथ को विधि-विधान के साथ रवाना किया गया। पल्लू धाम परिवार के संरक्षक अशोक ढाबीवाल ने बताया कि शीला माता मंदिर के पास स्थित काली माता मंदिर में पंडित श्याम सुंदर ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रचार रथ की पूजा करवाई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मां के जयकारों के साथ प्रचार रथ को रवाना किया।
गांव-गांव पहुंचकर महोत्सव का देगा निमंत्रण
प्रचार रथ हनुमानगढ़ टाउन सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और गांवों में भ्रमण करेगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को 4 अक्टूबर को होने वाले मंगलपाठ महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि वार्षिक धार्मिक आयोजन में शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। महोत्सव में भक्तजन सामूहिक रूप से मां ब्रह्माणी की आराधना करेंगे तथा दिव्य ज्योति के दर्शन का लाभ प्राप्त करेंगे। आयोजन को लेकर पल्लू धाम परिवार के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
पल्लू धाम के पुजारी के सानिध्य में होगा मंगलपाठ
पल्लू धाम परिवार के सदस्य विनोद बंसल ने बताया कि पंचम मंगलपाठ पल्लू धाम के पुजारी गोरधन जी भाटी के सानिध्य में आयोजित होगा। मंगलपाठ का वाचन पवन खेड़ा एवं राकेश खेड़ा द्वारा किया जाएगा। मंगलपाठ के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी की गई है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 4 अक्टूबर को अधिक से अधिक संख्या में कामधेनु सत्संग भवन पहुंचकर मंगलपाठ में सहभागी बनें और धर्म, भक्ति एवं आस्था से जुड़े इस आयोजन को सफल बनाएं।
ये रहे मौजूद
प्रचार रथ रवाना करने के अवसर पर अशोक ढाबीवाल, विनोद बंसल, प्रियंका भाकर, विकी खदरिया, सुशील ढाबी, दीपू खदरिया, केशव गर्ग, पंकज सिंगला, ललित गोयल, शिव भगवान, दया अग्रवाल, ममता बंसल सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।
