अग्निशमन केंद्र में फायर स्टाफ ने शहीद जवानों को किया नमन, हादसे में 13 फायरमैन हुए थे घायल

हनुमानगढ़ टाउन। जोधपुर की केमिकल फैक्ट्री में हुए अग्निकांड के दौरान जान गंवाने वाले तीन जांबाज फायरमैनों को गुरुवार को हनुमानगढ़ में भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। नगर परिषद हनुमानगढ़ के अग्निशमन केंद्र में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग के समस्त फायर स्टाफ ने शहीद जवानों को नमन किया और उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवा भावना को याद किया। सहायक अग्निशमन केंद्र अधिकारी यूनस खान एवं सहायक अग्निशमन केंद्र प्रभारी राजेश पारीक ने बताया कि 23 सितंबर 2026 को जोधपुर स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में आग बुझाने के दौरान अचानक हुए विस्फोट में राजस्थान फायर सर्विस के 13 फायरमैन झुलस गए थे। हादसे के बाद सभी घायल फायरमैनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान सुरेंद्र, प्रीतेश और प्रदीप ने दम तोड़ दिया।
कर्तव्य निभाते हुए दिया सर्वोच्च बलिदान
अधिकारियों ने कहा कि यह घटना अग्निशमन विभाग के लिए बेहद दुखद और पीड़ादायक है। फायरमैन आग जैसी विपरीत एवं जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की जान और संपत्ति की सुरक्षा के लिए कार्य करते हैं। जोधपुर हादसे में शहीद हुए जवानों ने भी अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन केंद्र के फायर स्टाफ ने शहीद जवानों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भाव प्रकट किया। इस दौरान फायर स्टाफ ने शहीद फायरमैनों के साहस, सेवाभाव और कर्तव्यनिष्ठा को नमन करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का माहौल गमगीन रहा और उपस्थित कर्मचारियों ने शहीद जवानों की सेवाओं को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया।
