चार खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

हनुमानगढ़। संगरिया में 22 से 26 सितंबर तक आयोजित जिला स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ भारत कराटे अकैडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न भार वर्गों में पदक हासिल किए। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से अकैडमी में खुशी का माहौल है। स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करने की पात्रता हासिल की। प्रतियोगिता में जतिन गुप्ता ने 35 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। सुनिधि ने 40 किलोग्राम तथा जानवी ने 62 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं लक्ष्मी गुप्ता ने 48 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अकैडमी के अन्य खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शहजैब ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया, जबकि लकी ने भी इसी भार वर्ग में रजत पदक जीता। सचिन ने 50 किलोग्राम और सत्यजीत ने 62 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। टिया ने 56 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने बेहतर तकनीक, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर अभिभावकों, प्रशिक्षकों एवं अकैडमी से जुड़े पदाधिकारियों ने खुशी जताते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। जिला कराटे अकैडमी के निदेशक संदीप गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास, मेहनत और अनुशासन के दम पर यह सफलता हासिल की है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण देकर उनकी तैयारी को और मजबूत किया जाएगा। संदीप गुप्ता ने कहा कि कराटे केवल आत्मरक्षा का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और शारीरिक क्षमता का भी विकास होता है। अकैडमी की ओर से खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण देकर जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है।
