करणी राजपूत विश्राम गृह में हुई सभा, अभिमन्यु सिंह राजवी ने अधिकाधिक लोगों से समारोह से जुड़ने का किया आह्वान

हनुमानगढ़। भटनेर जौहर स्मृति संस्थान की ओर से आयोजित किए जा रहे भटनेर जौहर स्मृति समारोह 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। समारोह को लेकर अभिमन्यु सिंह राजवी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न गांवों, ढाणियों, सामाजिक संस्थाओं, गुरुद्वारों तथा शहर के गली-मोहल्लों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान लोगों को समारोह की जानकारी देने के साथ अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है। इसी क्रम में हनुमानगढ़ टाउन स्थित करणी राजपूत विश्राम गृह में सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए अभिमन्यु सिंह राजवी ने कहा कि भटनेर जौहर स्मृति समारोह क्षेत्र के इतिहास, संस्कृति और वीर-वीरांगनाओं के बलिदान की स्मृति को समाज के बीच जीवंत रखने का अवसर है। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि समारोह को लेकर अपने स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा गांवों, ढाणियों और शहर के प्रत्येक क्षेत्र से लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक घटनाओं तथा पूर्वजों के त्याग और बलिदान से नई पीढ़ी को परिचित करवाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को अपनी ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने समारोह को सफल बनाने के लिए समाज के लोगों से सहयोग और सक्रिय भागीदारी की अपील की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं, समाज के प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर समारोह की रूपरेखा की जानकारी दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहर के गली-मोहल्लों में भी संपर्क किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
4 अक्टूबर को होगा समारोह
संस्थान की ओर से बताया गया कि भटनेर जौहर स्मृति समारोह 2026 का आयोजन 4 अक्टूबर 2026, रविवार को शाम 4 बजे फोर्ट स्कूल खेल मैदान, हनुमानगढ़ टाउन में किया जाएगा। समारोह श्री श्री 108 श्री आलोक गिरी जी महाराज के सानिध्य में आयोजित होगा। आयोजन का उद्देश्य भटनेर की ऐतिहासिक विरासत, जौहर की गौरवगाथा तथा वीर-वीरांगनाओं के बलिदान की स्मृति को समाज के बीच जीवंत रखना बताया गया है।
आमंत्रण पत्र के अनुसार समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़, पूर्व मंत्री नरपत सिंह राजवी, विधायक बाबा बालकनाथ तथा मुख्य वक्ता राजवीर सिंह चलकोई सहित अन्य अतिथियों के शामिल होने का उल्लेख किया गया है। आयोजकों ने जिलेवासियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
सभा एवं जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रदीप शेखावत, एडवोकेट अनिल शर्मा, हरविंदर गर्ग, मोमनचंद मित्तल, विनोद बिश्नोई, पारस मिड्ढा, चरणदास गर्ग, मोहन सिंह खींची, बहाल सिंह, मदन सिंह, विनोद विश्नोई, शिवप्रताप विश्नोई, सरपंच संदीप विश्नोई, ओम बाबरी, श्री राजपूत करणी हितकारणी सभा हनुमानगढ़ टाउन के भागीरथ सिंह, श्रवण सिंह, कोहला, पार्षद गजेन्द्र सिंह राठौड़, पार्षद माधवेन्द्र सिंह राठौड़, मोहन सिंह पन्नीवाली, नरपत सिंह चिराणा, अजीत सिंह राजवी, छोटू सिंह, किशोर सिंह चिराणा सहित समाज के अनेक नागरिक मौजूद रहे।
