
हनुमानगढ़। अणुव्रत समिति, हनुमानगढ़ की ओर से अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के तहत विद्यार्थियों को अहिंसा, नैतिकता और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अहिंसा दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, केनाल कॉलोनी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए अणुव्रत के नियमों और जीवन-मूल्यों को अपने आचरण में उतारने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रस्तुतियों से हुई। विद्यार्थियों ने सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह, ईमानदारी और अनुशासन जैसे मूल्यों पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत कर उनके विचारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। अणुव्रत समिति के मंत्री आनंद जैन ने कहा कि महात्मा गांधी ने भगवान महावीर के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात किया। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान गांधीजी ने सत्याग्रह और अहिंसा के माध्यम से देश को नई दिशा दी, जिसे विश्व स्तर पर भी सम्मान मिला। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इन आदर्शों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखते हुए अपने व्यवहार और दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।
युवक परिषद अध्यक्ष गौरव जैन ने कहा कि अणुव्रत गांधीजी के विचारों से प्रेरित मानवता का धर्म है, जिसका उद्देश्य व्यक्ति के आचरण में सुधार और समाज में श्रेष्ठ मूल्यों को बढ़ावा देना है। उन्होंने विद्यार्थियों को नैतिक एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। तेरापंथ सभा मंत्री ऋषभ चौरड़िया ने विद्यार्थियों को अणुव्रत के नियमों की जानकारी दी और उपस्थित सभी लोगों को अणुव्रत के 11 नियमों की शपथ दिलाई। निवर्तमान आंचलिक अध्यक्ष प्रकाश जैन ने भी विद्यार्थियों को अणुव्रत के नियमों से अवगत कराते हुए उन्हें दैनिक जीवन में व्यवहारिक रूप से अपनाने की आवश्यकता बताई। विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक देव ओझा ने लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंग विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने सादगी, ईमानदारी और अनुशासन को शास्त्रीजी के जीवन की प्रमुख विशेषताएं बताते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अहिंसा, सत्य, ईमानदारी, अनुशासन और संयम जैसे जीवन-मूल्यों को अपनाकर समाज और देश के लिए जिम्मेदार एवं श्रेष्ठ नागरिक बनने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अणुव्रत समिति अध्यक्ष सुभाष बांठिया, सभा अध्यक्ष हरीश दफ्तरी, अणुव्रत समिति उपाध्यक्ष प्रेम दफ्तरी, कोषाध्यक्ष अजय पारख, भारतीय जैन संगठन अध्यक्ष विजय लुनावत, प्रोफेशनल फोरम के निवर्तमान अध्यक्ष मनोज गोलछा सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कल साम्प्रदायिक सद्भावना दिवस
अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के तहत शनिवार को श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में शाम 4 बजे साम्प्रदायिक सद्भावना दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों के अनुयायी सहभागिता करते हुए आपसी भाईचारे, सौहार्द, मेल-मिलाप और सामाजिक समरसता से जुड़े विचार साझा करेंगे। आयोजन का उद्देश्य विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के बीच आपसी सम्मान, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।
