“सुखम 100” कार्यक्रम के तहत युवाओं ने निकाली नशामुक्ति जागरूकता रैली, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

हनुमानगढ़ जंक्शन, भारत सरकार द्वारा संचालित “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत के लिए” अभियान के अंतर्गत 100 सप्ताह के स्वस्थ जीवनशैली कार्यक्रम “सुखम 100” के तहत रविवार को युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 70 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्माकुमारीज पाठशाला, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, हनुमानगढ़ जंक्शन की ओर से राजकीय सावित्रीबाई फुले महिला महाविद्यालय छात्रावास में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नशामुक्ति जागरूकता रैली से हुई। रैली में युवाओं ने विभिन्न प्रेरणादायक नारों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान युवाओं ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। युवाओं ने स्वयं नशामुक्त जीवन जीने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रखने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी खुशबू बहन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा नशामुक्त रहकर अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं तो वे न केवल अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। छात्रावास संचालक शीशपाल कौर ने ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से युवाओं के बीच नशामुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। “सुखम 100” की युवा सहभागिता रूपरेखा के तहत युवाओं को सीखने, अनुभव प्राप्त करने, सामुदायिक गतिविधियों में भाग लेने, स्वस्थ जीवनशैली का उत्सव मनाने तथा नशामुक्त जीवन जीने की प्रतिज्ञा के माध्यम से जागरूक किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही स्वस्थ समाज तथा विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं। युवाओं में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, अनुशासन और बेहतर जीवन मूल्यों का विकास करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, गृह मंत्रालय एवं नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मेडिकल विंग सहित संबंधित संस्थाओं के सहयोगात्मक प्रयासों से जुड़े व्यापक नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली अभियान का हिस्सा है।
अंत में ब्रह्माकुमारीज पाठशाला की ओर से युवाओं से आह्वान किया गया कि वे स्वयं नशामुक्त रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से नशामुक्त समाज और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने का संदेश दिया गया।
