जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान का भरोसा, स्वच्छ एवं सुंदर वार्ड बनाने पर दिया जोर

हनुमानगढ़। हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के वार्डवासियों की ओर से वार्ड नंबर 3 के पार्षद मनोज बरसेवाल एवं वार्ड नंबर 6 के पार्षद वीर कमल बलराज दानेवालिया का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान वार्डवासियों ने दोनों पार्षदों का माला पहनाकर सम्मान किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान वार्डवासियों ने कहा कि पिछले वर्षों में हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में कई विकास कार्य हुए हैं, जिससे लोगों को सुविधाएं मिली हैं। हालांकि, अभी भी कुछ प्रमुख समस्याएं ऐसी हैं, जिनका स्थायी समाधान होना जरूरी है। इनमें बरसात के दौरान होने वाला जलभराव सबसे बड़ी समस्या के रूप में सामने आया। वार्डवासियों ने बताया कि क्षेत्र के कई हिस्सों में बारिश के समय जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़कों और आसपास के इलाकों में पानी जमा हो जाता है। इससे आमजन को आवागमन में परेशानी के साथ ही घरों के आसपास भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने पार्षदों से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की। साथ ही क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर पार्षद मनोज बरसेवाल एवं वीर कमल बलराज दानेवालिया ने वार्डवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र का विकास और आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जलभराव की समस्या के स्थायी निस्तारण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय कर आवश्यक कार्य करवाने का प्रयास किया जाएगा।
पार्षदों ने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। वार्डवासियों के सहयोग से स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा। क्षेत्र की अन्य समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वार्ड में होने वाले विकास कार्यों को लेकर स्थानीय निवासियों के सुझावों को भी महत्व दिया जाएगा, ताकि क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों के अनुसार काम कराया जा सके।
कार्यक्रम में रमेश बंसल, विनीत बंसल, अशोक सुमन, टोनी, मुकेश गुप्ता, अनिल गुप्ता, अशोक सिंघल, सतपाल वर्मा, वैभव सिंह, आयुष गुप्ता, नरेंद्र झुरिया, टिल्लू छाबड़ा, विशाल बरसेवाल, विकास कुमार, दीपक वर्मा, नायब सिंह सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। इस दौरान लोगों ने दोनों पार्षदों से क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रियता बनाए रखने की अपेक्षा जताई।
