प्रशासनिक कारणों का हवाला देकर विभाग ने जारी किए आदेश, दूसरी बार कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चाओं का दौर
हनुमानगढ़। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए पंचायत समिति टिब्बी के विकास अधिकारी हुक्म सिंह राठौड़ को तत्काल प्रभाव से एपीओ कर दिया है। विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत उन्हें फिलहाल आदेशों की प्रतीक्षा में रखा गया है और उनका मुख्यालय पंचायती राज विभाग, जयपुर निर्धारित किया गया है। अतिरिक्त आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव (प्रथम) ब्रजेश कुमार चान्दोलिया की ओर से जारी आदेश में हुक्म सिंह राठौड़ को तत्काल निर्धारित मुख्यालय पर उपस्थित होकर आदेशों की प्रतीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्देशों की पालना नहीं करने की स्थिति में इसे राज्यादेशों की अवहेलना माना जाएगा। विभाग के आदेश में कार्रवाई को सक्षम स्तर से अनुमोदित बताया गया है।
दूसरी बार एपीओ किए जाने से चर्चा
हुक्म सिंह राठौड़ को इससे पहले भी एपीओ किया जा चुका है। उनके पूर्व कार्यकाल के दौरान पंचायत समिति पीलीबंगा की तत्कालीन प्रधान अमनदीप कौर बरोड़ ने उन पर जातिगत भेदभाव करने तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप लगाए थे। इसके अलावा प्रमोशन के बाद नियमों के विपरीत नोटों की माला पहनने को लेकर भी उनके खिलाफ आरोप लगाए गए थे। इन मामलों को लेकर उस समय विवाद की स्थिति बनी थी और मामला चर्चा में रहा था।
वर्तमान आदेश में केवल प्रशासनिक कारण
हालांकि वर्तमान में जारी एपीओ आदेश में विभाग की ओर से केवल प्रशासनिक कारणों का उल्लेख किया गया है। आदेश में पूर्व में लगाए गए आरोपों या पुराने विवादों का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। राठौड़ को दूसरी बार एपीओ किए जाने के बाद पंचायती राज विभाग के साथ-साथ टिब्बी क्षेत्र में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि विभाग की ओर से वर्तमान कार्रवाई के पीछे प्रशासनिक कारणों के अतिरिक्त कोई विस्तृत वजह सार्वजनिक नहीं की गई है
