जिला कांग्रेस की बैठक में चुनावी तैयारियों पर मंथन, नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनसंपर्क बढ़ाने का किया आह्वान


हनुमानगढ़। आगामी पंचायत चुनाव को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने संगठन को सक्रिय करने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर की अध्यक्षता में आयोजित संगठनात्मक बैठक में पंचायत चुनाव की रणनीति, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में राजस्थान कांग्रेस के सहप्रभारी चिरंजीव राव मुख्य अतिथि, जिला प्रभारी फुसाराम गोदारा तथा जिला सहप्रभारी डॉ. सुनील लारा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव को लेकर अपने सुझाव रखे।
बूथ स्तर पर सक्रियता को बताया जीत की कुंजी
बैठक को संबोधित करते हुए राजस्थान कांग्रेस के सहप्रभारी चिरंजीव राव ने कहा कि चुनावी सफलता के लिए बूथ स्तर का संगठन सबसे अहम होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर सक्रियता बढ़ाने और आमजन के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने के साथ ही आम लोगों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाना चाहिए। पंचायत चुनाव की तैयारियों में आपसी समन्वय, अनुशासन और एकजुटता के साथ काम करने की आवश्यकता पर उन्होंने जोर दिया।
ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत संगठन पर फोकस
जिला प्रभारी फुसाराम गोदारा ने कहा कि पंचायत चुनाव ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस के संगठन की मजबूती को परखने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत टीम तैयार कर मतदाताओं के साथ लगातार संवाद कायम करना चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जिला सहप्रभारी डॉ. सुनील लारा ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने और अभी से गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को संगठन तक पहुंचाएं, ताकि जनता से सीधा जुड़ाव मजबूत हो सके।
जिलाध्यक्ष बोले- पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी कांग्रेस
जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने जिले में कांग्रेस संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि आगामी पंचायत चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हैं और कांग्रेस पूरी मजबूती एवं एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि सभी ब्लॉक और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। कार्यकर्ताओं के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर चुनावी तैयारियों को गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत कार्यकर्ताओं की जनता के बीच मौजूदगी से बढ़ती है। मक्कासर ने कार्यकर्ताओं से स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने, मतदाताओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत तरीके से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। बैठक में संभावित प्रत्याशियों, बूथ कमेटियों, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई।
मतभेद भुलाकर एकजुट होने का संदेश
बैठक में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर एकजुटता के साथ काम करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस की स्थिति मजबूत करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका जरूरी है। इस दौरान आने वाले दिनों में बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित करने और गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाने की रूपरेखा पर भी विचार किया गया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा आगामी पंचायत चुनाव में कांग्रेस को मजबूती के साथ मैदान में उतारने का संकल्प लिया। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, पीसीसी सचिव प्रद्युम्न सिंह, नोहर विधायक अमित चाचाण, संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, पूर्व विधायक डॉ. सुरेश चौधरी, पीसीसी सदस्य शबनम गोदारा, पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, विधायक प्रत्याशी अजीत बैनीवाल, अग्रिम संगठन जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र मारवाल, वारिस अली, सुलोचना बावरी, मनमोहन सोनी, आरिफ खान, संगरिया चेयरमैन संजीव सोनी, टिब्बी चेयरमैन देवीलाल मेघवाल, पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, डीसीसी महासचिव मांगीलाल स्वामी, सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया, प्रवक्ता मोहनलाल इंदलिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंच संचालन रामेश्वर चांवरिया ने किया।
