दो स्वर्ण सहित चार पदक जीतकर लौटे पहलवान, जंक्शन से मक्कासर तक निकाला गया विजयी जुलूस


हनुमानगढ़। मक्कासर गांव के सुखा सिंह अखाड़े के पहलवानों ने डीग में आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण सहित कुल चार पदक हासिल किए। पहलवानों की इस उपलब्धि से हनुमानगढ़ जिले का नाम रोशन हुआ है। प्रतियोगिता से लौटने पर खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने पहलवानों का जोरदार स्वागत किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सुखा सिंह अखाड़े के पहलवानों ने अलग-अलग भार वर्गों में दमदार प्रदर्शन किया। 87 किलोग्राम भार वर्ग में संकेत फौजी ने शानदार मुकाबलों के बाद स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं 110 किलोग्राम भार वर्ग में सौरभ लिंबा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा 130 किलोग्राम भार वर्ग में दिलबर सिंह ने रजत पदक जीता, जबकि 72 किलोग्राम भार वर्ग में गौरव शर्मा ने कांस्य पदक हासिल किया। इस तरह अखाड़े के पहलवानों ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबले में चोटिल हुए दिलबर सिंह
प्रतियोगिता के दौरान 130 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में दिलबर सिंह चोटिल हो गए। चोट के कारण उन्हें फाइनल कुश्ती बीच में ही छोड़नी पड़ी और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इसके चलते राष्ट्रीय प्रतियोगिता के कैंप के लिए दिलबर सिंह का दोबारा ट्रायल होने की जानकारी दी गई।
जंक्शन से मक्कासर तक निकला विजयी जुलूस
चार पदक जीतकर सोमवार को हनुमानगढ़ लौटे पहलवानों के स्वागत के लिए खेल प्रेमियों और ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा। जंक्शन शहर से मक्कासर गांव तक डीजे के साथ विजयी जुलूस निकाला गया। इस दौरान ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पहलवानों का अभिनंदन किया और उनकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
लगातार दूसरी बार स्वर्ण जीतकर संकेत फौजी ने दिखाया दम
जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष यादवेन्द्र सिंह पहलवान ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि मक्कासर के पहलवानों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर गांव और जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये प्रतिभावान खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि संकेत फौजी का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है। संकेत ने पिछले वर्ष भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया है। वहीं मनप्रीत सिंह और काला पहलवान ने कहा कि क्षेत्र में कुश्ती की प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि खिलाड़ियों को उचित मार्गदर्शन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों तो यहां के पहलवान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। पहलवानों की इस सफलता से सुखा सिंह अखाड़े में भी उत्साह का माहौल है और ग्रामीणों ने भविष्य में इन खिलाड़ियों से और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
