श्री अरूट सेवा दल ने किया सम्मान समारोह, समाज में एकता, भाईचारे और सेवा भावना को मजबूत करने का आह्वान

हनुमानगढ़। श्री अरूट सेवा दल हनुमानगढ़ के तत्वावधान में रविवार को हनुमानगढ़ टाउन स्थित अरोड़वंश धर्मशाला में नगर निकाय चुनाव में भाग लेने वाले अरोड़वंश समाज के 14 प्रत्याशियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों, मातृशक्ति, युवाओं एवं गणमान्यजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य नगर निकाय चुनाव में समाज की ओर से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने वाले सभी प्रत्याशियों के प्रयासों को सम्मान देना और समाज में आपसी एकता, भाईचारे तथा सेवा की भावना को मजबूत करना रहा। समारोह में चुनाव में विजयी रहे प्रत्याशियों के साथ-साथ चुनाव लड़ने वाले सभी प्रत्याशियों का सम्मान किया गया।
सेवा और भाईचारे की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने श्री अरूट जी महाराज के आदर्शों तथा सेवा, सुरक्षा और भाईचारे की भावना को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने समाज के लोगों से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाजहित में निरंतर सेवा कार्य करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेना अपने आप में महत्वपूर्ण है। चुनाव का परिणाम अपनी जगह है, लेकिन समाजहित में आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाने और जनसेवा के लिए प्रयास करना भी सम्मान के योग्य है।
दोनों अरोड़वंश सभाओं का रहा सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री अरूट सेवा दल, अरोड़वंश सभा हनुमानगढ़ टाउन कार्यकारिणी एवं अरोड़वंश सभा हनुमानगढ़ जंक्शन कार्यकारिणी का सहयोग रहा। दोनों कार्यकारिणियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई। श्री अरूट सेवा दल के प्रधान सेवादार डॉ. निशांत बतरा ने समाज में सेवा, सुरक्षा और भाईचारे को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने जरूरतमंद वर्ग के सहयोग, सामाजिक एकता और ‘मजबूर नहीं, मजबूत समाज’ के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों की ओर से उपस्थित सभी समाजबंधुओं, अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।
