अजाक की वार्षिक बैठक में संगठन विस्तार, सामाजिक एकजुटता, भाईचारे और सक्रिय भागीदारी को लेकर हुआ मंथन

हनुमानगढ़। डॉ. अम्बेडकर अनुसूचित जाति अधिकारी कर्मचारी एसोसिएशन (अजाक), राजस्थान जिला शाखा हनुमानगढ़ की वार्षिक बैठक अजाक कार्यालय में जिलाध्यक्ष सुमेर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य दौलतराम कालवा ने किया। बैठक में समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने, शिक्षा को बढ़ावा देने, सामाजिक एकजुटता मजबूत करने और संगठन का विस्तार करने सहित विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद संस्था के वरिष्ठ सदस्य जागेराम के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. हनुप्रसाद रोहिला ने समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज के विकास के साथ लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। डॉ. ओमप्रकाश गोधा ने समाज में प्रचलित बुराइयों और कुरीतियों को जागरूकता के माध्यम से दूर करने पर अपने विचार रखे। भोपालराम मेहरड़ा ने समाज में आपसी भाईचारा और एकजुटता बनाए रखने की बात कही। अम्मीचंद सांव ने एक-दूसरे की मदद करने तथा संगठन से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर जोर दिया। दीपक बारोटिया ने सदस्यों से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। वहीं मोहनलाल जीनागल ने संगठन के विस्तार के साथ युवाओं को भी संगठन से जोड़ने की आवश्यकता बताई।
पार्षद राजेंद्र सिंह का किया स्वागत
बैठक के दौरान वार्ड नंबर 59 के पार्षद राजेंद्र सिंह का माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद निरंजन सिंह नायक, सेवानिवृत्त अपर पुलिस अधीक्षक नानक सिंह, सेवानिवृत्त एडी रणजीत सिंह, सर्वा बेगराज चालिया, नंदलाल मेहरा, रामरागेरा, महेंद्र कुमार, लोहमरोड़ रामधन, ईश्वर सिंह, सुधीर कुमार, अजय सागर, विनोद बागड़ी, निरंजन प्रकाश चोपड़ा, नथुराम, सुखदेव सिंह, राम प्रताप भरनावा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों और समाजहित से जुड़े कार्यों को लेकर भी चर्चा की गई। सदस्यों ने संगठन को मजबूत करने के साथ समाज के अधिक से अधिक लोगों को शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक कार्यों से जोड़ने पर जोर दिया।
