राम नाम जप यज्ञ और अमृतवाणी सत्संग में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, विधायक ने कोहला नहर से पंचायत घर तक सड़क के दोनों ओर चौक लगाने की घोषणा की

हनुमानगढ़। टाउन स्थित कोहला नहर के पास श्री रामशरणम् आश्रम में रविवार को परम पूज्य भगत हंसराज जी महाराज की 110वीं जन्म शताब्दी श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आश्रम परिसर राम नाम के संकीर्तन से गूंज उठा। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जिससे पूरे दिन आश्रम परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे राम नाम जप यज्ञ से हुई। इसके बाद शाम 4:30 बजे श्री अमृतवाणी पाठ का आयोजन किया गया। अमृतवाणी सत्संग में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ भाग लिया और राम नाम का जाप किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक गणेशराज बंसल शामिल हुए। वहीं नगर परिषद सभापति मंजू रणवा, उपसभापति सोनू बंसल, पूर्व सभापति सुमित रणवा, नवनिर्वाचित पार्षद प्रमोद सोनी, नवीन बाकोलिया, सुनील ढाका, भूपेंद्र नेहरा, ज्योत्सना अजय सिंगला, कृष्णा विजय स्वामी, सोनल आदित्य अग्रवाल एवं चंदन मोंगा सहित अनेक अतिथियों ने शिरकत की। इसके अलावा समाजसेवी अमित माहेश्वरी, विधायक के मीडिया प्रभारी कैलाश शर्मा, फूडग्रेन मर्चेन्ट्स के सचिव दलीप ढिल्लो, पूर्व अध्यक्ष नरोत्तम सिंगला एवं पूर्व सचिव सन्नी जूनेजा सहित शहर के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
राम नाम और आध्यात्मिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास
श्री रामशरणम् के प्रमुख अनिल गुम्बर ने बताया कि भगत हंसराज जी महाराज के उपदेशों, आध्यात्मिक साधना और राम नाम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर वर्ष यह आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि राम नाम के जाप और अमृतवाणी के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति एवं सकारात्मक जीवन का संदेश दिया जाता है। अमृतवाणी सत्संग के पश्चात आश्रम की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। श्रद्धालुओं के लिए श्री अमरनाथ सेवा समिति की ओर से जलपान की व्यवस्था की गई।
विधायक ने सड़क के दोनों ओर चौक लगाने की घोषणा की
इस अवसर पर विधायक गणेशराज बंसल ने नगर परिषद की ओर से कोहला नहर से पंचायत घर तक सड़क के दोनों ओर चौक लगाने के कार्य की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ करवाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में श्री रामशरणम् के प्रमुख अनिल गुम्बर ने आयोजन को सफल बनाने के लिए श्री अमरनाथ सेवा समिति, आश्रम के सभी सेवादारों, अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
