जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, बंद निजी बस सेवा बहाल करने की भी मांग; विद्यार्थियों सहित ग्रामीणों को हो रही परेशानी

हनुमानगढ़। शेरगढ़, दौलतपुरा, बसीर, कुलचन्द्र, सहरानी, बचैर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले मार्ग पर रोडवेज बस सेवा शुरू करवाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। विकास बेनीवाल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले करीब सात-आठ दिनों से निजी बस सेवा बंद होने के कारण लोगों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि शेरगढ़ सहित आसपास के कई गांव हनुमानगढ़ से हरियाणा सीमा तक जाने वाले मार्ग पर स्थित हैं। इन गांवों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग रोजगार, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी कार्यों के लिए हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय आते-जाते हैं। किसान, मजदूर, कर्मचारी और छोटे व्यापारी भी दैनिक जरूरतों के लिए जिला मुख्यालय पर निर्भर हैं। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र के बड़ी संख्या में विद्यार्थी हनुमानगढ़ के विद्यालयों, महाविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में अध्ययन करते हैं। निजी बस सेवा बंद होने के कारण विद्यार्थियों के साथ-साथ कर्मचारियों, मजदूरों और अन्य ग्रामीणों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि निजी बस के अलावा इन गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ने के लिए सार्वजनिक परिवहन का कोई पर्याप्त विकल्प उपलब्ध नहीं है।
हनुमानगढ़ से बचैर तक रोडवेज चलाने की मांग
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मांग की कि हनुमानगढ़ से बचैर तक रोडवेज बस सेवा शुरू करवाई जाए। इससे शेरगढ़, दौलतपुरा, बसीर, कुलचन्द्र, सहरानी, बचैर सहित आसपास के गांवों के लोगों को नियमित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सकेगी। ग्रामीणों ने कहा कि रोडवेज बस सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मजदूरों, किसानों और अन्य ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही लोगों को निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और रोजमर्रा के कामों के लिए जिला मुख्यालय तक पहुंचना आसान हो जाएगा।
बंद निजी बस सेवा बहाल करने की भी मांग
ग्रामीणों ने पूर्व में संचालित निजी बस सेवा को भी जल्द बहाल करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बस सेवा बंद होने से क्षेत्र के लोगों की दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और विद्यार्थियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा क्षेत्र की परिवहन समस्या का जल्द समाधान करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए नियमित सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होना बेहद जरूरी है, ताकि लोगों को शिक्षा, रोजगार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में परेशानी न हो।
