लवप्रीत सिंह जिला संयोजक, सौरभ चावला सह-संयोजक और विजय निम्बल कोषाध्यक्ष नियुक्त

हनुमानगढ़। संविधान सेना राजस्थान की ओर से हनुमानगढ़ जिले की जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की मौजूदगी में विभिन्न पदों पर नियुक्तियां सर्वसम्मति से की गईं। नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। संगठन के संस्थापक सुरेंद्र खटीक, प्रदेश संयोजक एवं संस्थापक राजेश भारतीय, प्रदेश सह-संयोजक एडवोकेट कुलदीप ओलाख तथा प्रदेश महासचिव फिरोज खान की मौजूदगी में पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। इसके तहत लवप्रीत सिंह को जिला संयोजक, सौरभ चावला को जिला सह-संयोजक और विजय निम्बल को जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा शिवा भाट को ब्लॉक अध्यक्ष, विनोद हिरनावाली को तहसील अध्यक्ष तथा मनीष सुड्डा को नोहर तहसील अध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर संगठन की जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि संविधान सेना राजस्थान का उद्देश्य संविधान के मूल्यों, सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। संविधान के मूल्यों की रक्षा और उनके प्रचार-प्रसार के लिए युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस मौके पर नैतिक खटीक, अजाक अध्यक्ष सुमेर सिंह, नाथू, सोमा धानक, करण खटीक, आमिर खान सहित अनेक कार्यकर्ता एवं सदस्य मौजूद रहे। उपस्थित सदस्यों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया और संगठन के आगामी कार्यक्रमों तथा विस्तार को लेकर चर्चा की। प्रदेश संयोजक राजेश भारतीय ने कहा कि संगठन संविधान को अपना अस्त्र और बहुजन समाज को अपनी शक्ति मानते हुए सामाजिक समानता, न्याय और भाईचारे के लिए निरंतर कार्य करेगा।
