70वीं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने किया शानदार प्रदर्शन, विद्यालय पहुंचने पर विजेताओं का हुआ भव्य स्वागत


हनुमानगढ़। जोधपुर में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में डीएवी विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।अंडर-17 नेटबॉल प्रतियोगिता में डीएवी विद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य विजेता बनने का गौरव हासिल किया। टीम की इस सफलता में खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, बेहतर तालमेल और सामूहिक प्रयास की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम को प्रशिक्षक गुरप्रीत सिंह एवं पवन कुमार का मार्गदर्शन भी लगातार मिलता रहा। प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को तकनीकी कौशल के साथ आत्मविश्वास और टीम भावना के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में अंडर-19 बालिका नेटबॉल प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ टीम ने राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की प्रतिभावान खिलाड़ी अवनी ने अपने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। खेल उपलब्धियों की कड़ी में विद्यालय के विद्यार्थी गजेंद्र सिंह ने अंडर-19 भारोत्तोलन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। वहीं मनीष चौधरी ने अंडर-17 तीरंदाजी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया।
विजेता खिलाड़ियों का विद्यालय में हुआ स्वागत
राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के बाद विद्यालय पहुंचने पर विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी काशीराम सहारण एवं अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दीपक मिड्ढा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्राचार्य परमजीत कुमार ने सभी विजेता खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धियां उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसी तरह निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। डीएवी कॉलेज प्रबंधकर्त्री समिति की प्रधान डॉ. पूनम सूरी, प्रबंधक डॉ. सरिता रंजन गौतम एवं सहायक क्षेत्रीय अधिकारी एम.पी. सिंह ने भी विद्यालय परिवार और सभी खिलाड़ियों को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का यह प्रदर्शन विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। शिक्षा के साथ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन की ये उपलब्धियां डीएवी की समग्र शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करती हैं।
