वैभव अरोड़ा ने विद्यार्थियों से सत्य, अहिंसा और सेवा के आदर्शों को जीवन में उतारने का किया आह्वान

हनुमानगढ़। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हनुमानगढ़ की ओर से महात्मा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समाज कल्याण सप्ताह का समापन समारोह नवज्योति विकलांग कल्याण एवं पुनर्वास संस्थान में हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत जिला परियोजना अधिकारी राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद हनुमानगढ़ वैभव अरोड़ा, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी अक्षित विश्नोई और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विक्रम सिंह ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की। अतिथियों ने गांधीजी के जीवन, संघर्ष और उनके विचारों को याद करते हुए कहा कि उनके सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियों से दिया सामाजिक संदेश
समारोह के दौरान नवज्योति विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव, स्वच्छता, सेवा भावना और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को देखकर मौजूद अतिथियों ने उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतिभागियों की सराहना की।
गांधीजी के विचार आज भी प्रासंगिक : वैभव अरोड़ा
मुख्य वक्ता वैभव अरोड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी केवल स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख व्यक्तित्व ही नहीं थे, बल्कि वे सत्य, अहिंसा, सादगी और मानव सेवा के आदर्श भी थे। उन्होंने विद्यार्थियों से गांधीजी के जीवन और विचारों को पढ़ने तथा उनके आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाने का प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। वैभव अरोड़ा ने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा के साथ अच्छे संस्कारों को भी जीवन का हिस्सा बनाएं। अनुशासन का पालन करने के साथ समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना भी जरूरी है।
अतिथियों और सहयोगियों का जताया आभार
कार्यक्रम में सहायक प्रशासनिक अधिकारी संदीप कुमार, निजी सहायक अशोक कुमार, प्रधानाध्यापक बलवंत सिंह सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। समापन अवसर पर संस्था के सचिव डॉ. ललित सोनी ने सभी अतिथियों, विभागीय अधिकारियों, विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाज कल्याण सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
