मनीष मक्कासर के नेतृत्व में डीसीसी कार्यालय से अम्बेडकर चौक तक निकाला रोष मार्च, भाजपा सरकार के खिलाफ की नारेबाजी


हनुमानगढ़। दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को हनुमानगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काला दिवस मनाकर विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) अध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीसीसी कार्यालय से अम्बेडकर चौक तक रोष मार्च निकाला। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अम्बेडकर चौक पर ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया।
लोकतंत्र में विरोध की आवाज दबाना उचित नहीं : मनीष मक्कासर
जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना और सरकार के सामने अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक व विपक्षी दल का संवैधानिक अधिकार है। ऐसे में प्रदर्शन कर रहे नेताओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी तरह की कथित तानाशाही के सामने झुकने वाले नहीं हैं। जनता के मुद्दों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। मक्कासर ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए सशक्त विपक्ष का होना आवश्यक है। विपक्ष के सवालों का जवाब देने के बजाय उसकी आवाज दबाने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और INDIA गठबंधन के नेताओं के खिलाफ हुई कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस देशभर में लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करवा रही है। हनुमानगढ़ कांग्रेस भी संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी।
संविधान और आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा
पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास लोकतंत्र, संविधान और आमजन के अधिकारों की रक्षा के संघर्ष से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार को जनता और विपक्ष की बात सुननी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ता अपने अधिकारों की रक्षा के लिए पीछे नहीं हटेंगे और सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेंगे। प्रदर्शन में शामिल अन्य वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें असहमति जताने, सवाल पूछने और सरकार की नीतियों का विरोध करने का अधिकार भी शामिल है। विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब संवाद के माध्यम से दिया जाना चाहिए। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
ये कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान पीसीसी सदस्य रामेश्वर चावरिया, प्रेमराज नायक, पीसीसी प्रवक्ता भीमराज जाखड़, जिला उपाध्यक्ष गुरदीप चहल, सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढूकिया, प्रदेश सचिव यूथ महिला कांग्रेस प्रियंका चाहर, प्रवक्ता मोहनलाल इंदलिया, महासचिव कालूराम गोदारा, गुरमीत चंदड़ा, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिद्धू, जिनेंद्र जैन बेबी, अग्रिम संगठन जिला अध्यक्ष वारिस अली, सुलोचना बावरी, सीताराम कड़वा, सुरेंद्र मारवाल, हरप्रीत सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रधान जयदेव भिड़सरा, राजेश जोशी, रामचंद्र चौधरी, गुरप्रीत मान, विनोद गुरुसर, विकास जाखड़, अनूप चौधरी, रिछपाल मान, गंगाराम, रवि गोविंद रेगर, साहिल, शाहरुख कुरैशी, आमिर खान, शाहरुख रोडावाली, यश चिलाना, पवन कुमार, लोकेंद्र भाटी, मान सिंह शाक्य, श्याम दास, आकाश नायक और रणवीर नायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
