लालाजी-बालाजी मार्केट से पटाखा दुकानों को हटाने की उठाई मांग, सुरक्षा मानकों की जांच करवाने का आग्रह


हनुमानगढ़। मुख्य बाजार स्थित लालाजी-बालाजी मार्केट में पटाखों की थोक और खुदरा बिक्री को लेकर स्थानीय दुकानदारों ने चिंता जताई है। दुकानदारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपकर बाजार और रिहायशी क्षेत्र में संचालित पटाखा दुकानों की जांच करवाने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग की। दुकानदारों ने जनसुरक्षा का हवाला देते हुए पटाखा बिक्री के लिए सुरक्षित स्थान निर्धारित करने का आग्रह किया है।
भीड़भाड़ वाले बाजार में हादसे की आशंका
एसडीएम को सौंपे गए प्रार्थना पत्र में दुकानदारों ने कहा कि पटाखों के भंडारण और बिक्री के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना जरूरी है। उन्होंने Explosives Act, 1884 और Explosives Rules, 2008 का उल्लेख करते हुए कहा कि पटाखों के लाइसेंस प्राप्त गोदामों और बिक्री स्थलों पर निर्धारित नियमों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए। ज्ञापन में Explosives Rules की Schedule VII में उल्लेखित सुरक्षा दूरियों का भी हवाला दिया गया।
दुकानदारों के अनुसार, पटाखों की मात्रा के आधार पर सुरक्षा संबंधी प्रावधान लागू होते हैं। रिहायशी मकानों, सार्वजनिक भवनों, दुकानों, बाजारों, स्कूलों और अस्पतालों के आसपास निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने आशंका जताई कि लालाजी-बालाजी मार्केट जैसे सीमित और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में पटाखों की बिक्री से आगजनी या विस्फोट जैसी घटना होने पर लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
लाइसेंस के साथ सुरक्षा नियमों की पालना की भी जांच हो
दुकानदारों ने प्रशासन से आग्रह किया कि केवल लाइसेंस के आधार पर पटाखों के भंडारण और बिक्री को उचित नहीं माना जाए, बल्कि संबंधित दुकानों और भंडारण स्थलों का निरीक्षण भी किया जाए। उन्होंने मांग की कि विक्रेताओं के लाइसेंस, पटाखों की निर्धारित मात्रा, परिसर और सुरक्षा व्यवस्था की जांच करवाई जाए, ताकि नियमों की पालना सुनिश्चित हो सके।ज्ञापन में कहा गया कि मुख्य बाजार और रिहायशी इलाके में संचालित पटाखा दुकानों का निरीक्षण कर नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही पटाखों की बिक्री के लिए सुरक्षित स्थान निर्धारित कर बाजार क्षेत्र से ऐसी गतिविधियों को हटाने के संबंध में उचित निर्णय लिया जाए।
जनहित में समय रहते कदम उठाने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भीड़भाड़ वाले बाजार में पटाखों के भंडारण और बिक्री से संभावित जोखिम को देखते हुए प्रशासन को समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए। दुकानदारों ने आमजन, व्यापारियों और आसपास रहने वाले परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में मनजीत सिंह प्रधान, विजय सोनी, विकास बड़गुजर, अमित कुमार, विक्की कुमार, परमानंद, अंकुश राजावत, संजय सिंह, प्रेम गोयल, दीपक सोनी, अभिजीत सोनी, इकबाल चानी और राहुल कुमार सहित अन्य दुकानदार शामिल रहे।
